नागालैंड के मोकोकचुंग में जहरीली शराब का कहर, 8 लोगों की मौत; 6 गिरफ्तार

नागालैंड के मोकोकचुंग में जहरीली शराब का कहर, 8 लोगों की मौत; 6 गिरफ्तार
नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में जहरीली शराब पीने से संदिग्ध मौतों की संख्या का आंकड़ा बढ़कर 8 हो गया है। 25 सितंबर को मैंगकोलेम्बा और अलीबा गांव में चार और लोगों की मौत के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है और शराब की सप्लाई चेन का पता लगा रही है।

मोकोकचुंग, 26 सितंबर (आईएएनएस)। नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में जहरीली शराब पीने से संदिग्ध मौतों की संख्या का आंकड़ा बढ़कर 8 हो गया है। 25 सितंबर को मैंगकोलेम्बा और अलीबा गांव में चार और लोगों की मौत के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है और शराब की सप्लाई चेन का पता लगा रही है।

मोकोकचुंग के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 25 सितंबर को मैंगकोलेम्बा में दो लोगों की मौत हुई, जबकि ओंगपांगकोंग सब-डिवीजन के अलीबा में एक आदिवासी दंपति की भी उसी दिन मौत हो गई। मैंगकोलेम्बा में मरने वालों में एक 9वीं एनएपी (आईआर) बटालियन का जवान भी शामिल है, जो अखोया गांव का रहने वाला था। दूसरा मृतक खार गांव का था। दोनों को 25 सितंबर को मैंगकोलेम्बा के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई।

मैंगकोलेम्बा टाउन काउंसिल के चेयरमैन सुपोंगत्सुंगबा ने बताया कि 9वीं एनएपी बटालियन के दो जवान एक साथ शराब पी रहे थे। एक की मौत पहले हुई और दूसरे की एक दिन बाद। मौतें रात 1 से 2 बजे के बीच हुईं। एक जवान को रात 1 बजे अस्पताल लाया गया और 15-20 मिनट के अंदर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद प्रशासन, पुलिस, टाउन काउंसिल और स्थानीय संगठन वात्सु ने मिलकर मैंगकोलेम्बा में छापेमारी की और कई जगहों से अवैध शराब जब्त की। मंगकोलेम्बा थाने में मामला नंबर 002/2026 दर्ज किया गया है, जो भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और नागालैंड शराब पूर्ण निषेध अधिनियम, 1989 के तहत दर्ज है।

अलीबा गांव में मरने वाला आदिवासी जोड़ा खेत में काम करता था। सूचना मिलते ही एसडीपीओ जरेनी यांथन के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और सबूत जुटाए। पुलिस ने शराब बेचने वाले मुख्य संदिग्ध की पहचान कर ली है, लेकिन वह फिलहाल फरार है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मोकोकचुंग के एडिशनल एसपी की अध्यक्षता में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाई गई है। पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है और संदिग्ध शराब के स्रोत का पता लगा लिया है। 24 सितंबर को मोकोकचुंग शहर में भी कई जगहों पर छापेमारी की गई।

पुलिस के अनुसार, सभी 8 मृतकों को शराब पीने की आदत थी और सभी मौतें एक ही भौगोलिक क्षेत्र में हुई हैं। मौतों का सिलसिला 19 सितंबर से शुरू हुआ था, जब पहली मौत हुई, फिर 22, 23 और 24 सितंबर को भी मौतें हुईं।

फिलहाल सभी मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। विसरा सैंपल और जब्त की गई शराब को वैज्ञानिक जांच के लिए गुवाहाटी स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा कि शराब में किस जहरीले पदार्थ की मिलावट थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Sept 2026 2:34 PM IST

Tags

Next Story