नमो भारत में महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘आकांक्षाओं के पंख’ अभियान शुरू

नमो भारत में महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘आकांक्षाओं के पंख’ अभियान शुरू
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने महिलाओं की सुरक्षा और लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘आकांक्षाओं के पंख’ अभियान की शुरुआत की है।

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने महिलाओं की सुरक्षा और लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘आकांक्षाओं के पंख’ अभियान की शुरुआत की है।

इस अभियान का शुभारंभ मंगलवार, 24 मार्च को एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल द्वारा सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर किया गया। यह अभियान भारत सरकार के ‘निर्भया फंड’ के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में निर्भया के माता-पिता आशा देवी और बद्रीनाथ सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं मोटिवेशनल स्पीकर ऋचा अनिरुद्ध, एनसीआरटीसी की निदेशक (वित्त) नमिता मेहरोत्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और हितधारक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, यात्रियों को संवेदनशील बनाना और नमो भारत ट्रेनों में सुरक्षित यात्रा का माहौल सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान एक विशेष वीडियो के माध्यम से अभियान के तहत प्रस्तावित पहलों को प्रस्तुत किया गया। इनमें स्टेशन परिसरों में सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, ‘नमो भारत कनेक्ट’ मोबाइल ऐप में एसओएस सुविधा और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने कहा कि प्रत्येक यात्री को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले पांच वर्षों तक चलेगा और इसका उद्देश्य केवल सुविधाएं बढ़ाना ही नहीं, बल्कि समाज में सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।

निर्भया की मां आशा देवी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं और नमो भारत जैसी परियोजनाएं इस दिशा में सराहनीय कदम हैं। वहीं, ऋचा अनिरुद्ध ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज महिलाओं के लिए यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित हुई है, लेकिन इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को जिम्मेदार बनना होगा।

कार्यक्रम के दौरान एनसीआरटीसी द्वारा निर्मित दो लघु फिल्मों का प्रीमियर भी किया गया, जो महिला सशक्तिकरण और लैंगिक संवेदनशीलता पर आधारित हैं। साथ ही ‘ग्रैटिट्यूड वॉल’ का उद्घाटन किया गया, जहां लोगों ने अपने जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाएं और सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

साथ ही ट्रेनों और स्टेशनों पर पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से यात्रियों को जागरूक किया जाएगा। एनसीआरटीसी का मानना है कि जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी के जरिए ही एक सुरक्षित और समावेशी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बनाई जा सकती है। ‘आकांक्षाओं के पंख’ अभियान एनसीआरटीसी की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत वह नमो भारत नेटवर्क को महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भरोसेमंद बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 March 2026 6:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story