'पेपर लीक पर रोक के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट का फैसला सही', देशभर के छात्रों ने पीएम मोदी का जताया आभार
नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। देशभर के छात्रों ने नीट पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले का स्वागत किया है। छात्रों का कहना है कि इससे दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी, न्याय मिलने में तेजी आएगी और भविष्य में पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
राजधानी दिल्ली के एक छात्र ने कहा, "हमारे नजरिए से यह बहुत अच्छा फैसला है। अगर यह पहले लिया जाता तो बेहतर होता। छात्रों को सड़कों पर सरकार के खिलाफ उतरना नहीं पड़ता और सरकार को भी कोई अतिरिक्त कदम नहीं उठाना पड़ता।"
नीट की तैयारी कर रहे लक्ष्य सिंह ने सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा, “सरकार ने सही फैसला लिया है। फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होगी और जल्द कार्रवाई होगी। पेपर लीक माफिया और बड़ी कंपनियां पेपर बेचते हैं। माफिया को पकड़ लिया जाए तो आगे पेपर लीक नहीं होंगे। यह बहुत सराहनीय फैसला है।"
मध्य प्रदेश की एक नीट एस्पिरेंट छात्रा ने भावुक होते हुए बताया, “सरकार ने फास्ट-ट्रैक व्यवस्था शुरू की है। यह सही कदम है। हो सकता है कि भविष्य में पेपर लीक की समस्या न हो। कई बच्चों ने परीक्षा देने के कारण आत्महत्या कर ली, कुछ डिप्रेशन में चले गए, और कई का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। अगर यह व्यवस्था ठीक से काम करती है तो बच्चों की जान बच सकेगी और वे आगे बढ़ सकेंगे।"
एक अन्य नीट छात्र ने कहा, “यह बहुत अच्छा फैसला है। हर नीट छात्र एक सपना लेकर तैयारी शुरू करता है। इसमें एक-दो से लेकर तीन साल लग जाते हैं। फिर भी अगर नतीजा नहीं मिलता तो पूरी तरह डिप्रेशन में चले जाते हैं। फास्ट-ट्रैक कोर्ट के चलते पेपर लीक करने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा, उन पर तुरंत कड़ी कार्रवाई होगी और आने वाले एग्जाम निष्पक्ष तरीके से होंगे।"
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा से एक छात्र ने पीएम मोदी के फैसले की तारीफ करते हुए कहा, “मैं इस फैसले और उठाए गए कदम की सराहना करता हूं। जो छात्र नीट में शामिल हुए थे और दोबारा परीक्षा देने की संभावना का सामना कर रहे थे, वे बहुत तनाव में थे। प्रधानमंत्री ने बहुत अच्छा काम किया है।”
कुपवाड़ा के ही एक अन्य छात्र ने जोर देते हुए कहा, “पीएम मोदी ने बड़ा फैसला लिया है। हम नीट पेपर लीक में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं। भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द सजा मिलनी चाहिए।”
चंदौली के अंश विक्रम सिंह, जो इस बार नीट में शामिल हुए थे, उन्होंने कहा, “छात्रों ने इस ऐलान का स्वागत किया है। पीएम मोदी का धन्यवाद। आने वाली परीक्षाओं में माफिया पेपर लीक करने से डरेंगे। पीएम ने अच्छा फैसला लिया है।”
इसी क्षेत्र की नीट पास करने वाली छात्रा अंकिता पांडे ने कहा, “उन्होंने जो फैसला लिया है, वह काफी संवेदनशील है। इस मामले को बहुत सावधानी से संभाला गया है। पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और फास्ट-ट्रैक कोर्ट से प्रक्रिया जल्द पूरी होगी, जिससे जनता भी संतुष्ट महसूस करेगी। आने वाले सालों में ऐसी घटनाएं न हों, यही हमारी उम्मीद है।”
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 July 2026 7:17 PM IST












