राजनीति: पार्षद पति, सरपंच पति जैसी प्रथाओं को खत्म कर महिलाएं अपना हक लें सिंधिया

पार्षद पति, सरपंच पति जैसी प्रथाओं को खत्म कर महिलाएं अपना हक लें सिंधिया
केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री और गुना से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि सरपंच पति प्रथा को खत्म कर महिलाओं को अपने अधिकार हासिल करने होंगे।

अशोकनगर, 11 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री और गुना से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि सरपंच पति प्रथा को खत्म कर महिलाओं को अपने अधिकार हासिल करने होंगे।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के गुना संसदीय क्षेत्र के अशोकनगर में रेवा शक्ति अभियान, हृदय योजना और एकल सेवा पोर्टल की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने नारी सशक्तिकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

उन्होंने कहा कि उन्होंने कई वर्षों से प्रयास किए हैं कि महिलाएं प्रथम पंक्ति में आएं। जब महिलाएं प्रथम पंक्ति में आती हैं, तब पुरुष उन पर काबिज होने की कोशिश करते हैं। इसलिए पार्षद पति, अध्यक्ष पति, सरपंच पति जैसी इन प्रथाओं को समाप्त करना होगा और महिलाओं को अपना हक अपने हाथों में लेना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इसी दिशा में वे निरंतर कार्य कर रहे हैं।

सिंधिया ने महिलाओं को दूसरी पंक्ति में धकेलने वाली प्रथाओं की आलोचना की और महिलाओं को उनका असली हक दिलाने के संकल्प का आह्वान किया। उन्होंने बेटियों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बेटी केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की पहचान है। जब एक बेटी जन्म लेती है तो वह केवल घर का नहीं, बल्कि पूरे समाज का भविष्य गढ़ती है।

उन्होंने एकल सेवा पोर्टल, हृदय योजना और रेवा शक्ति अभियान से क्षेत्र को मिलने वाले लाभों को भी रेखांकित करते हुए कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र में सुशासन की नई परिभाषा गढ़ेगी।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने रेवा शक्ति अभियान के मुख्य उद्देश्य बताते हुए कहा कि बेटियां बोझ नहीं, वरदान हैं। इस अभियान के अंतर्गत जिले के केवल एक या दो बेटियों वाले परिवारों का पंजीयन किया गया है। उन्हें विशेष डिजिटल कार्ड दिए जा रहे हैं।

पंजीकृत परिवारों को शिक्षा शुल्क में छूट, स्वास्थ्य सेवाओं में प्राथमिकता, छात्रवृत्ति, किराए में रियायत और सामाजिक सम्मान जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इससे बेटियों को पढ़ाई और आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि हजारों कुपोषित बच्चों और गर्भवती माताओं को सुरक्षित मातृत्व और पोषण सेवाएं मिल रही हैं। अब तक 2100 से अधिक माताओं का पंजीयन और 2000 बच्चों का कुपोषण प्रबंधन किया गया है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार पहले दिन से नारी शक्ति के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। आज केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई 'उज्ज्वला योजना' और 'ड्रोन दीदी' जैसी योजनाओं के चलते हमारी बहनें तकनीक का उपयोग कर खेती-किसानी में हाथ बंटा रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं।

आईएएनएस

एसएनपी/एसके/वीसी

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Sept 2025 7:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story