राजनीति: मध्य प्रदेश भाजपा में नियुक्तियां शुरू, पिछड़ा वर्ग आयोग में नई नियुक्ति से सियासी हलचल तेज

मध्य प्रदेश भाजपा में नियुक्तियां शुरू, पिछड़ा वर्ग आयोग में नई नियुक्ति से सियासी हलचल तेज
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरू हो गया है। पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष और सदस्य की नियुक्ति के साथ भाजपा में सियासी हलचल तेज हो गई है।

भोपाल, 24 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरू हो गया है। पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष और सदस्य की नियुक्ति के साथ भाजपा में सियासी हलचल तेज हो गई है।

वहीं, उन नेताओं में उम्मीद जाग गई है जो दावेदार माने जाते हैं। राज्य में लंबे अरसे से राजनीतिक नियुक्तियों पर सबकी नजर है, मगर संगठन के चुनाव होने के कारण नियुक्तियां रुकी हुई थीं।

पिछले दिनों भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को बनाया गया और उसके बाद ही राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला शुरू हो गया है। पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग का अध्यक्ष पूर्व सांसद डॉ. रामकृष्ण कुसमारिया को बनाया गया और सदस्य मौसम बिसेन को बनाया गया है, जो भाजपा की वरिष्ठ नेता गौरीशंकर बिसेन की बेटी हैं।

राज्य में इन दो नियुक्तियों के साथ ही सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है, क्योंकि कई नेता ऐसे हैं जो विधायक हैं, मगर मंत्री नहीं बन पाए हैं, और वे निगम अथवा मंडल में अपनी नियुक्ति चाहते हैं। वहीं, दूसरी ओर वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न पदों पर नियुक्त किए जाने की कवायद लंबे अरसे से चल रही है, और उन्हें भी कहीं समायोजित किया जा सकता है।

दरअसल राज्य में वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की थी और मुख्यमंत्री की कुर्सी पर मोहन यादव आसीन हुए थे। उसके बाद राज्य के लगभग 50 निगम, मंडल और आयोग में हुई नियुक्तियों को रद्द कर दिया गया था। यह नियुक्तियां शिवराज सरकार के दौरान हुई थीं।

उसके बाद से निगम, मंडल अध्यक्ष, आयोग अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य आदि के पदों पर नियुक्ति को लेकर तमाम दावेदार प्रतीक्षा कर रहे हैं। बीच में लोकसभा चुनाव आए और यह नियुक्तियां नहीं हो पाई। अब एक बार फिर नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद नियुक्तियों का दौर शुरू हो गया है। अब संभावना जताई जा रही है कि एक तरफ जहां कई नेताओं को पार्टी संगठन में जगह दी जाएगी, वहीं कई दावेदारों को निगम, मंडल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य बनाया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 July 2025 6:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story