राष्ट्रपति मुर्मू ने पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन पर जताया दुख, कहा- शास्त्रीय संगीत के लिए अपूरणीय क्षति

राष्ट्रपति मुर्मू ने पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन पर जताया दुख, कहा- शास्त्रीय संगीत के लिए अपूरणीय क्षति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के मशहूर गायक और पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन पर दुख जताया। उन्होंने पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन को भारतीय संगीत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के मशहूर गायक और पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन पर दुख जताया। उन्होंने पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन को भारतीय संगीत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "शास्त्रीय संगीत के सुविख्यात गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन से भारतीय संगीत की अपूरणीय क्षति हुई है। बनारस घराने की इस महान संगीत-विभूति ने शास्त्रीय गायन को नए आयाम दिए। अनेक सम्मानों सहित उन्हें पद्म विभूषण से भी अलंकृत किया गया था। मैं उनके प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं।"

राष्ट्रपति के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री समेत कई नेताओं ने पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन पर दुख जताया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "महान शास्त्रीय संगीतज्ञ पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन अत्यंत दुःखद है। खयाल, ठुमरी और भजन से लेकर कजरी और चैती तक अपनी गायकी का प्रभाव छोड़ने वाले छन्नूलाल के संगीत की गूंज बनारस की गलियों और भवनों से लेकर खेतों की मेड़ों तक सुनाई देती है। उनकी आवाज में रामचरितमानस और कबीर के भजन आज भी घर-घर में लोकप्रिय हैं। उनका निधन संगीत जगत में एक अपूरणीय क्षति है। बाबा विश्वनाथ पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके परिजनों और प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "भारतीय शास्त्रीय संगीत के आकाश में एक अनमोल सितारे के रूप में चमकने वाले 'पद्म विभूषण' से अलंकृत पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन संगीत और संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने साधना-पूर्ण जीवन से न केवल शास्त्रीय संगीत को समृद्ध किया बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया। उनका योगदान संगीत साधकों और कला प्रेमियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों व अनगिनत प्रशंसकों को धैर्य प्रदान करें।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भारतीय शास्त्रीय संगीत के मर्मज्ञ, 'पद्म विभूषण' प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन अत्यंत दुःखद एवं शास्त्रीय संगीत विधा की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। आपने अपना पूरा जीवन भारतीय शास्त्रीय गीत-संगीत के उत्थान में समर्पित कर दिया। आपका गायन कला साधकों के लिए एक प्रेरणा है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति व उनके शोकाकुल परिजनों, अनुयायियों एवं प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा, "भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान विभूति, 'पद्म विभूषण' से अलंकृत प्रख्यात गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है एवं शास्त्रीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व उनके प्रशंसकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करें।"

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, "'पद्म विभूषण' से सम्मानित, भारतीय शास्त्रीय संगीत की महान विभूति, प्रख्यात गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है एवं शास्त्रीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके प्रशंसकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Oct 2025 10:36 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story