राजनीति: मल्लिकार्जुन खड़गे-राहुल गांधी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को जन्मदिन की कुछ ऐसे दी बधाई

नई दिल्ली , 1 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। एक तरफ जहां सपा अध्यक्ष के जन्मदिन के मौके पर पार्टी के कार्यकर्ता कई आयोजन कर रहे है, तो वहीं दूसरी ओर उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई देने वाला तांता लगा हुआ है। अखिलेश यादव के जन्मदिन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी बधाई दी हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सपा प्रमुख को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''पीडीए की बुलंद आवाज अखिलेश यादव भाई को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। आप स्वस्थ रहें, खुश रहें, हम इस न्याय और बराबरी की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ हैं।''
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने एक्स पोस्ट में लिखा, ''उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।''
दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी सपा सांसद अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।''
इससे पहले उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने भी अखिलेश यादव को सोशल मीडिया पर जन्मदिन की बधाई दी।
1 जुलाई 1973 को इटावा जिले के सैफई गांव में जन्मे अखिलेश यादव वर्तमान में लोकसभा में कन्नौज का प्रतिनिधित्व करते हैं। अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के अब तक के सबसे युवा मुख्यमंत्री रह चुके हैं। सीएम बनने से पहले वह लगातार तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके थे। साल 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी का नेतृत्व किया और पार्टी को स्पष्ट बहुमत दिलाया। 15 मार्च 2012 को उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री भी रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2025 1:54 PM IST