लोकसभा चुनाव 2024: बिहार नवादा में जातीय समीकरण तय करते हैं चुनाव के परिणाम

बिहार  नवादा में जातीय समीकरण तय करते हैं चुनाव के परिणाम
ऐतिहासिक और धार्मिक नवादा की धरती शुरू से समृद्ध रही है। झारखंड की सीमा से जुड़े इस संसदीय क्षेत्र का चुनाव परिणाम यहां के जातीय समीकरण तय करते रहे हैं।

नवादा (बिहार), 27 मार्च (आईएएनएस)। ऐतिहासिक और धार्मिक नवादा की धरती शुरू से समृद्ध रही है। झारखंड की सीमा से जुड़े इस संसदीय क्षेत्र का चुनाव परिणाम यहां के जातीय समीकरण तय करते रहे हैं।

इस चुनाव में नवादा सीट पर मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और विपक्षी महागठबंधन के बीच माना जा रहा है। यह सीट इस बार एनडीए के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के बदले भाजपा के खाते में चली गई है।

भाजपा ने नवादा से भूमिहार समाज से आने वाले विवेक ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है जबकि महागठबंधन की ओर से राजद ने श्रवण कुशवाहा को प्रत्याशी बनाते हुए सिंबल भी दे दिया। हालांकि अब तक महागठबंधन की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

कुशवाहा को सिंबल मिलने के बाद राजद में नाराजगी उभर गई। राजद के नेता विनोद यादव ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए चुनाव लड़ने तक की घोषणा कर दी है।

वैसे, देखा जाए तो इस सीट पर एनडीए का दबदबा रहा है। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के भोला सिंह और वर्ष 2014 में गिरिराज सिंह ने जीत का परचम लहराया था। पिछले चुनाव में यह सीट लोजपा के खाते में थी और चंदन सिंह की जीत हुई थी। 2004 के चुनाव में राजद के प्रत्याशी वीरचंद्र पासवान यहां से विजई हुए थे।

कहा जा रहा है कि 2004 के चुनाव परिणाम को देखते हुए है राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने यहां से कुशवाहा समाज से आने वाले श्रवण कुशवाहा को सिंबल दिया है।

माना जा रहा है कि भूमिहार के सामने कुशवाहा को उतार कर लालू ने एनडीए को टक्कर देने की भले कोशिश की है, लेकिन इस चक्कर में उनके कुनबे के लोग यानि यादव ही उनके विरोध में उतर आये हैं।

बताया जाता है कि यहां सबसे अधिक मतदाता भूमिहार जाति के हैं और उसके बाद यादवों की संख्या है। भाजपा ने अपने परम्परागत वोट को एकजुट रखने और किसी प्रकार की गुटबाजी को रोकने के लिए भूमिहार जाति से आने वाले विवेक ठाकुर को टिकट थमा दिया।

भाजपा के दिग्गज नेता डॉ. सी.पी. ठाकुर के पुत्र विवेक ठाकुर के जरिए भाजपा भूमिहार और वैश्य मतों की उम्मीद लगाए बैठी है। तय माना जा रहा है कि दोनों गठबंधनों में मुकाबला कड़ा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 March 2024 10:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story