पहले पति को फंसाने के लिए महिला ने खुद पर चलाई गोली, 2 आरोपी गिरफ्तार

मुरादाबाद, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के थाना मुंडापांडे इलाके में सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। नसरीन नाम की महिला पर गोली चलाने की सूचना मिली थी। बताया गया कि नसरीन अपने पति के साथ बाइक से दवाई लेने जा रही थी तभी अज्ञात लोगों ने उस पर गोली चला दी।
दरअसल, बताया गया था कि सोमवार दोपहर जब नसरीन अपने पति के साथ दवाई लेने बाइक से जा रही थी, तो कुछ लोगों ने उस पर गोली चला दी थी, जिससे वह घायल हो गई थी। दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। पुलिस अधिकारियों ने फौरन घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू की तो पूरा गोलीकांड ही फर्जी निकला।
मामले में गहन जांच के बाद पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग में घायल हुई महिला ने कुछ साथियों के साथ मिलकर अपने पहले पति और कुछ लोगों को फंसाने के लिए यह पूरा षड्यंत्र रचा था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गोली से घायल महिला को इलाज के बाद गिरफ्तार करने की बात पुलिस ने कही है।
एसपी कुमार रणविजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यासीन, हबीब और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। गहराई से छानबीन करने पर पता चला कि नसरीन की पहले से नामजद आरोपी यासीन और हबीब के साथ विवाद चल रहा था। इतना ही नहीं, नसरीन ने दोनों के खिलाफ मामले दर्ज कराए थे, जो न्यायालय में विचारधीन हैं।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नसरीन को इलाज के बाद गिरफ्तार किया जाएगा। इसके अलावा, कुछ आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2025 7:49 PM IST