राष्ट्रीय: राहुल गांधी के चुनाव में धांधली के आरोप पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की दो टूक, 'इस्तीफा देकर जनता के बीच जाएं'
पटना, 7 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक लेख के जरिए भाजपा पर आरोप लगाया कि महाराष्ट्र चुनावों में 'मैच फिक्सिंग' की गई और अब कुछ ऐसा ही बिहार में दोहराया जाएगा।
राहुल गांधी के इन विचारों को लेकर बिहार भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा के नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस विचार पर कहा कि आदमी जब हारता है तो इसी तरह की बातें करता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को लोकतंत्र में भरोसा नहीं है तो जनता के बीच जाएं। इस्तीफा दे दें।
बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि जिन राज्यों में उनकी सरकार है, वे भी इस्तीफा देकर चुनाव में जाएं। हम लोगों को तो कोई दिक्कत नहीं है, चुनाव में हम लोग लड़ेंगे। हमें कोई दिक्कत नहीं है।
दरअसल, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार विधान परिषद परिसर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूर्व एमएलसी सीपी सिन्हा के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जदयू के वरिष्ठ नेता और किसान आयोग के पूर्व अध्यक्ष पूर्व विधान पार्षद सी. पी. सिन्हा का शुक्रवार को एक अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। पटना एम्स में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से जदयू परिवार में शोक की लहर फैल गई। जदयू के कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर विधान परिषद परिसर पहुंचा है, जहां कई मंत्री, विधायक और विधान पार्षद उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Jun 2025 3:51 PM IST