नसीहत: चिराग पासवान ने राहुल गांधी को दी नसीहत, कहा- 'कांग्रेस को जनता क्यों नकार रही, इस पर करें मंथन'

- नीतीश ही रहेंगे सीएम, विपक्ष फैला रहा भ्रम- चिराग पासवान
- चिराग पासवान ने राहुल गांधी को दी नसीहत
- कहा- कांग्रेस को जनता क्यों नकार रही, इस पर करें मंथन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनकी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि वे कांग्रेस की हार के कारणों पर आत्ममंथन करें। चिराग ने कहा, "कांग्रेस और राहुल गांधी हर चुनाव में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाते हैं। आजादी के बाद 50-55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही, फिर भी जनता उन्हें क्यों नकार रही है, इस पर विचार करना चाहिए।"
शाहाबाद में 'नव संकल्प महासभा', चुनाव लड़ने पर संसदीय बोर्ड करेगा फैसला
बिहार विधानसभा चुनाव में शाहाबाद क्षेत्र से उतरने की संभावनाओं पर चिराग ने कहा, "आरा में जल्द ही एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। पांच-छह जिलों को मिलाकर शाहाबाद क्षेत्र की 33 विधानसभा सीटों को साधने की रणनीति बनाएंगे। मैं चुनाव लड़ूंगा या नहीं, इसका फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड लेगा।" बता दें, शाहाबाद क्षेत्र में भोजपुर और रोहतास जिले आते हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव में चिराग की पार्टी ने अकेले दम पर 137 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसके कारण एनडीए को इस क्षेत्र में केवल तीन सीटें मिली थीं।
नीतीश ही रहेंगे सीएम, विपक्ष फैला रहा भ्रम
यह पूछे जाने पर कि क्या वे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं, चिराग ने स्पष्ट किया, "बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे। विपक्ष जानबूझकर मेरे बारे में भ्रम फैला रहा है। इस बार बिहार में अब तक की सबसे मजबूत एनडीए सरकार बनेगी।"
विपक्ष के पास मुद्दे नहीं, इसलिए पीएम की आलोचना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विपक्ष के हमलों पर चिराग ने कहा, "विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे पीएम की आलोचना में जुटे हैं।"
बिहार में बढ़ते अपराध पर चिंता, सरकार से की बात
बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिराग ने चिंता जताते हुए कहा, "अपराध की घटनाएं चिंताजनक हैं। मैं बिहार सरकार का हिस्सा नहीं हूं, लेकिन पॉलिसी मेकर के नाते मैंने सरकार से बात की है। सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। मैं मुजफ्फरपुर जा रहा हूं, जहां हाल की दो घटनाओं की पीड़ित परिवारों से मुलाकात करूंगा।"
Created On :   7 Jun 2025 11:43 PM IST