राजनीति: ब्रिक्स घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत तुहिन सिन्हा

मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के साझा घोषणापत्र में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने इसे भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत बताया है।
तुहिन सिन्हा ने सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पहलगाम आतंकवादी हमले की घोर निंदा की गई है। घोषणापत्र में भारत का 10 बार जिक्र किया गया है। यह भारत की कूटनीति की बहुत बड़ी जीत है। कांग्रेस पार्टी 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बाद कई आरोप लगाती रही है। उसने देश की कूटनीति और विदेश नीति को असफल बताया है। कांग्रेस को आत्म निरीक्षण और अपने व्यवहार पर गंभीरता से चिंतन करना चाहिए। इससे पहले क्वाड सम्मेलन में भी पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पुरजोर निंदा की गई थी।
विश्व बैंक के आंकड़ों और गिनी इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 11 साल में भारत की आय असमानता में उल्लेखनीय कमी आई है। इस पर सिन्हा ने कहा, "पिछले 11-12 वर्ष में लगभग 17.1 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। ये आंकड़े पहले भी उजागर किए गए हैं और आज देश की गरीबी दर कुल मिलाकर लगभग चार प्रतिशत है। गिनी इंडेक्स का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी देश की आय असमानता को मापने में गिनी इंडेक्स जितना कम होता है, उस देश की आय असमानता उतनी ही कम होती है। भारत का गिनी इंडेक्स अमेरिका और चीन से कम है। इसका मतलब है कि भारत की आय असमानता इन दोनों देशों से कम है।
उन्होंने केंद्र में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मुद्दे पर दुष्प्रचार करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को तथ्यों को नकारना नहीं चाहिए। आय असमानता दूर करने में मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का बहुत बड़ा योगदान रहा है। पिछले 10 साल के दौरान डीबीटी के जरिए लगभग 40 लाख करोड़ रुपए सीधे तौर पर गरीबों के खातों में गए हैं। कांग्रेस पार्टी को गरीबी के संदर्भ में भ्रम और झूठ नहीं फैलाना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 July 2025 8:12 PM IST