राजनीति: मराठी-हिंदी विवाद पर अशोक गहलोत ने कहा, 'भाषा पर झगड़ा न करें, सबका सम्मान करें'

मराठी-हिंदी विवाद पर अशोक गहलोत ने कहा, भाषा पर झगड़ा न करें, सबका सम्मान करें
कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को मुंबई दौरे के दौरान हर भाषा और धर्म का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाषाई मतभेदों पर झगड़ा अनावश्यक है।

मुंबई, 13 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को मुंबई दौरे के दौरान हर भाषा और धर्म का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाषाई मतभेदों पर झगड़ा अनावश्यक है।

गहलोत की यह टिप्पणी महाराष्ट्र में स्कूलों में हिंदी पढ़ाए जाने को लेकर चल रहे विवाद और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) से जुड़ी कई हिंसक घटनाओं के बाद आई है। हाल ही में मनसे के कार्यकर्ताओं को मराठी में बात न करने पर गैर-मराठी भाषी लोगों पर हमला करते देखा गया था।

गहलोत ने संवाददाताओं से कहा, "ज्ञान ही शक्ति है। कोई भी भाषा सीखने में कोई बुराई नहीं है। आपको भाषाएं सीखनी ही चाहिए। भाषा के मामले में कोई प्रतिबंध नहीं होना चाहिए। कुछ लोग पांच भाषाएं तक जानते हैं।"

बदलते सामाजिक नजरिए को याद करते हुए गहलोत ने कहा, "जब हम छोटे थे, तब हम भी अंग्रेजी के खिलाफ थे, लेकिन अब समय बदल गया है। इस नए जमाने में अंग्रेजी जरूरी हो गई है, इसलिए हम अपने बच्चों को अंग्रेजी पढ़ा रहे हैं। ऐसे में भाषाओं को लेकर झगड़ा करना गलत है। लोगों को हर भाषा और हर धर्म का सम्मान करना चाहिए।"

यह विवाद तब शुरू हुआ जब महाराष्ट्र सरकार ने दो सरकारी प्रस्ताव जारी किए और बाद में उन्हें वापस ले लिया, जिनमें कक्षा 1 से 5 तक मराठी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में हिंदी को अनिवार्य तीसरी भाषा बनाने का प्रस्ताव था।

इस कदम पर विपक्ष की तीखी प्रतिक्रिया हुई और मनसे जैसे क्षेत्रीय संगठनों ने भी विरोध-प्रदर्शन किया।

इसके अलावा, शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस ने भी मराठी भाषी राज्य पर हिंदी थोपने के लिए सरकार की आलोचना की।

वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने दो सरकारी प्रस्तावों (जीआर) को रद्द कर दिया है, जिनमें कक्षा 1 से 5 तक के मराठी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में हिंदी को अनिवार्य तीसरी भाषा के रूप में लागू करने की मांग की गई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 July 2025 7:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story