राष्ट्रीय: कांग्रेस की नौटंकी की वजह से दोनों ननों की बेल में हुई देरी राजीव चंद्रशेखर

कांग्रेस की नौटंकी की वजह से दोनों ननों की बेल में हुई देरी  राजीव चंद्रशेखर
धर्म परिवर्तन और मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार केरल की दो ननों और एक अन्य व्यक्ति को शनिवार को छत्तीसगढ़ की एक विशेष अदालत से जमानत मिल गई। उन्हें दुर्ग केंद्रीय जेल से रिहा कर दिया गया। दोनों नन रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो सकती हैं। केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने दोनों को बेल मिलने पर प्रसन्नता जताई है।

रायपुर, 2 अगस्त (आईएएनएस)। धर्म परिवर्तन और मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार केरल की दो ननों और एक अन्य व्यक्ति को शनिवार को छत्तीसगढ़ की एक विशेष अदालत से जमानत मिल गई। उन्हें दुर्ग केंद्रीय जेल से रिहा कर दिया गया। दोनों नन रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो सकती हैं। केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने दोनों को बेल मिलने पर प्रसन्नता जताई है।

मीडिया से बात करते हुए राजीव चंद्रशेखर ने कहा, "दोनों की बेल के लिए केरल भाजपा के पास आग्रह आया था और इसके लिए हमने प्रयास किया था। इसलिए उन्हें बेल मिलना हमारे लिए खुशी की बात है। उन्हें और पहले बेल मिल जाता, लेकिन कांग्रेस की नौटंकी की वजह से देरी हुई।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की आदत हर मुद्दे पर राजनीति करने की रही है। कांग्रेस की राजनीति झूठ और शोषण पर टिकी है। वे कल भी यही करते थे, आज भी कर रहे हैं और कल भी यही करेंगे। इस मामले की सुनवाई तीन दिन पहले होने वाली थी। लेकिन, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों की नौटंकी की वजह से नहीं हो पाई। शुक्रवार को सुनवाई हुई, जिसमें उनके वकीलों ने बेल देकर केस आगे बढ़ाने की मांग की। इसे न्यायपालिका ने मान लिया।

जेल से बाहर निकलने के बाद दोनों नन चंद्रशेखर के साथ एक वाहन में वहां से चली गईं। बिलासपुर स्थित विशेष न्यायाधीश सिराजुद्दीन कुरैशी की अदालत ने दोनों ननों और सह-आरोपी सुकमन मंडावी को इस शर्त पर जमानत दे दी कि वे अपने पासपोर्ट जमा कर दें और देश छोड़कर न जाएं।

बचाव पक्ष के वकील अमृतो दास ने बताया कि उन्हें 50-50 हजार रुपए के मुचलके पर जमानत दी गई है तथा उन्हें जांच में सहयोग करने को भी कहा गया है।

कैथोलिक नन प्रीति मैरी और वंदना फ्रांसिस की गिरफ्तारी 25 जुलाई को हुई थी।

केरल की कांग्रेस से राज्यसभा सांसद जेबी माथेर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "दोनों ननों को बेल मिल जाने से भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर हुआ है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है, जहां ननों को गिरफ्तार किया गया था और एफआईआर हुई। राजीव चंद्रशेखर उनकी बेल पर खुशी जता रहे हैं। यह दोहरा चरित्र नहीं तो क्या है।"

जेबी माथेर ने कहा कि उन्हें बेल दिलवाना हमारी पहली प्राथमिकता थी। अगली प्राथमिकता उस एफआईआर की जांच करवाना है, जो उनके खिलाफ गलत तरीके से दर्ज की गई है। एफआईआर में उनके खिलाफ मानव तस्करी और धर्म-परिवर्तन कराने के गलत आरोप लगाए गए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Aug 2025 9:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story