क्रिकेट: न्यूजीलैंड की थैमसिन न्यूटन ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया

न्यूजीलैंड की थैमसिन न्यूटन ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया
न्यूजीलैंड की महिला ऑलराउंडर थैमसिन न्यूटन ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। न्यूजीलैंड के लिए अपना आखिरी मैच उन्होंने 2021 में खेला था।

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की महिला ऑलराउंडर थैमसिन न्यूटन ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। न्यूजीलैंड के लिए अपना आखिरी मैच उन्होंने 2021 में खेला था।

30 साल की थैमसिन न्यूटन ने 2015 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें बड़ी सफलता नहीं मिली। एक दशक के करियर के दौरान कई बार वह टीम से अंदर-बाहर हुईं।

थैमिसन 2016 टी20 विश्व कप और 2017 वनडे विश्व कप के लिए न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा थीं। वह मध्यम गति की तेज गेंदबाज और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी के लिए जानी जाती थीं।

न्यूजीलैंड के लिए उन्होंने 10 वनडे और 15 टी20 मैच खेले। वनडे में 11 विकेट और 57 रन उनके नाम दर्ज हैं। 31 रन देकर पांच विकेट उनका श्रेष्ठ प्रदर्शन है। वहीं, टी20 में उन्होंने 9 विकेट लिए थे।

करियर के शुरुआती दौर में अपनी गेंदबाजी से उन्होंने प्रभावित किया था। अपने दूसरे ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उन्होंने श्रीलंका के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया और 9 रन देकर 3 विकेट लिए और नवंबर 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में पहली बार पांच विकेट लिए।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ज्यादा वह घरेलू क्रिकेट में सफल रही। उन्होंने 2011-12 में वेलिंगटन के साथ अपने घरेलू करियर की शुरुआत की। 2014 से 2018 तक कैंटरबरी में रहीं। 2023-24 सीजन से पहले सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स में जाने से पहले, वह पांच साल के लिए वेलिंगटन लौटीं। उन्होंने न्यूजीलैंड की घरेलू वनडे प्रतियोगिता हैलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड का फाइनल चार बार, अलग-अलग टीमों के लिए खेला। कैंटरबरी और वेलिंगटन के साथ खेलते हुए एक-एक बार उन्होंने खिताब जीता।

बीबीएल में वह पर्थ-स्कॉर्चर्स के लिए खेल चुकी हैं। न्यूटन न्यूजीलैंड की घरेलू महिला रग्बी यूनियन प्रतियोगिता, फराह पामर कप में वेलिंगटन प्राइड और हॉक्स बे टुई के लिए रग्बी भी खेल चुकी हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Aug 2025 12:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story