राजनीति: पूजा पाल को पार्टी से निकालना समाजवादी पार्टी की तुच्‍छ मानसिकता डॉ. भोला सिंह

पूजा पाल को पार्टी से निकालना समाजवादी पार्टी की तुच्‍छ मानसिकता डॉ. भोला सिंह
समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल को पार्टी से निकालने पर भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह ने सपा पर बड़ा हमला बोला। पूजा पाल ने विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की थी।

बुलंदशहर, 15 अगस्‍त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल को पार्टी से निकालने पर भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह ने सपा पर बड़ा हमला बोला। पूजा पाल ने विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की थी।

उन्‍होंने कहा कि विधायक पूजा पाल के पति की हत्‍या हो गई थी। हमारी सरकार ने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया। कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सरकार ने पूजा पाल को न्‍याय दिलाने का काम किया है। इसमें अगर उन्‍होंने तारीफ कर दी तो यह कोई गुनाह नहीं किया। समाजवादी पार्टी की छोटी और तुच्‍छ मानसिकता है।

उन्‍होंने सपा से सवाल किया कि क्या पूजा पाल सपा के सत्ता में आने का इंतजार करती है कि जब उनकी पार्टी सत्ता में आएगी तब उन्हें न्याय मिलेगा। उन्‍होंने दावा किया कि 2027 में भी सपा का सत्ता में आने का सपना सपना ही रह जाएगा। समाजवादी पार्टी का स्वरूप हाथी के दांत की तरह है, जो खाने के कुछ और दिखाने के कुछ और हैं।

उन्‍होंने कहा कि सपा की मानसिकता, विचार और सोच बदल नहीं सकती हैं। इन्हें महिला विधायक के बोलने पर आपत्ति है, तो किस बात का पीडीए? भाजपा की सरकार महिलाओं को सम्मान देने का काम करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ-सबका विकास-सबके विश्‍वास की बात करते हैं।

उन्‍होंने आगे कहा कि हमारी सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और हर वर्ग को सम्‍मान देने का काम करती है। हमारी सरकार ने महिलाओं को सशक्‍त बनाने के लिए लोकसभा और राज्‍यसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। देश के नए संसद भवन में पहला बिल महिलाओं के आरक्षण से शुरू हुआ। वहीं, केंद्र सरकार गरीबों और किसानों के लिए कई कल्‍याणकारी योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री आवास भी महिलाओं के नाम से बन रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Aug 2025 12:09 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story