राजनीति: भाजपा हिमाचल की संगठनात्मक मजबूती के लिए कार्यशाला, डॉ. राजीव बिंदल ने लिया तैयारियों का जायजा

ऊना, 24 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हिमाचल प्रदेश संगठन को सुदृढ़ बनाने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित करने जा रही है। यह कार्यशाला राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि इसमें पार्टी की नई टीम के साथ-साथ सभी जिलों और मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री भाग लेंगे।
इसी कड़ी में रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पार्टी तैयारियों का जायजा लेने के लिए ऊना स्थित पार्टी कार्यालय 'दीपकमल' पहुंचे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ऊना विधायक सतपाल सिंह सत्ती के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ डॉ. बिंदल का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने सोमवार को प्रस्तावित कार्यशाला की तैयारियों का निरीक्षण किया और कहा कि यह कार्यशाला संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष मुख्य वक्ता होंगे। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
राजीव बिंदल ने आगे कहा कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में अपने प्रदेश पदाधिकारियों की टीम का गठन कर लिया है। सोमवार को सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष ऊना स्थित भाजपा कार्यालय में एकत्रित होंगे।
डॉ. बिंदल ने यह स्पष्ट किया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और भविष्य की राजनीतिक रणनीतियों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला में प्रदेश की नई टीम और विभिन्न पदों पर दायित्व संभालने वाले पदाधिकारी पहली बार एक साथ बैठकर संगठनात्मक दिशा तय करेंगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदेश अध्यक्ष ने आह्वान किया कि वे कार्यशाला से प्राप्त मार्गदर्शन को जन-जन तक पहुंचाएं और पार्टी की आगामी योजनाओं को जमीनी स्तर तक ले जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले समय में कई कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित करेगी, जिनमें कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Aug 2025 2:48 PM IST