धर्म: हरतालिका तीज पर घरों से आने लगी पेड़किया बनने की सोंधी खुशबू ‎

हरतालिका तीज पर घरों से आने लगी पेड़किया बनने की सोंधी खुशबू ‎
बिहार सहित उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में अखंड सुहागन और वैवाहिक जीवन की खुशहाली के लिए मनाई जाने वाली हरतालिका तीज महिलाओं का सबसे पसंदीदा त्योहार है। हर साल महिलाएं हरतालिका तीज का बेसब्री से इंतजार करती हैं।

पटना, 24 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार सहित उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में अखंड सुहागन और वैवाहिक जीवन की खुशहाली के लिए मनाई जाने वाली हरतालिका तीज महिलाओं का सबसे पसंदीदा त्योहार है। हर साल महिलाएं हरतालिका तीज का बेसब्री से इंतजार करती हैं।

‎भाद्र मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरतालिका तीज के रूप में मनाया जाता है। इस साल यह त्योहार 26 अगस्त को मनाया जाएगा। इस खास दिन महिलाएं अखंड सौभाग्यवती की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं। इस व्रत में पारंपरिक मिठाइयों का खास महत्व है। हरतालिका तीज के मौके पर घर-घर पेड़किया और ठेकुआ बनाने और उसका भगवान को भोग लगाने की परंपरा है। ‎ ‎

यही कारण है कि हरतालिका तीज के दो-तीन दिन पहले से ही लोगों के घरों से पेड़किया बनने की सोंधी खुशबू आने लगती है। वैसे पेड़किया बिहार की लोकप्रिय मिठाइयों में से एक है। ‎‎इसे आटे या मैदे की पतली लोई में नारियल, चीनी और सूखे मेवों को भरकर तैयार किया जाता है और उसे फिर घी में तलकर कुरकुरा किया जाता है। बच्चे इस मिठाई को काफी पसंद करते हैं और बड़े चाव से खाते हैं।

पेड़किया को पूजा में चढ़ाना शुभ माना जाता है। ‎‎कुछ इलाकों में इसे गुंजिया भी कहा जाता है। हरतालिका तीज के मौके पर बाजारों में भी पेड़किया की कई अस्थायी दुकानें खुल जाती हैं। जो लोग घरों में नहीं बना पाते, वे बाजारों से खरीद लेते हैं। ‎

पर्व-त्योहार में हरतालिका तीज का काफी महत्व है। तीज व्रत रखने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। वैवाहिक जीवन में शांति बनाए रखने और पति की लंबी आयु के लिए महिलाएं व्रत रखती हैं। सोलह श्रृंगार कर भगवान शिव की आराधना करती हैं। हरतालिका तीज निर्जला व्रत है। कई स्थानों पर अविवाहित लड़कियां भी मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। मान्यता है कि माता पार्वती ने भी भगवान शिव को पाने के लिए कठिन तपस्या की थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Aug 2025 3:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story