राजनीति: अमित साटम मुंबई की आवश्यकताओं को अच्छे से जानते हैं राम कदम

मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राम कदम ने सोमवार को अमित साटम को मुंबई भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अमित साटम मुंबई की आवश्यकताओं को अच्छे से जानते हैं।
उन्होंने कहा, "मुंबई के हमारे पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान मंत्री आशीष शेलार के अध्यक्ष पद का कार्यकाल पूरा हो चुका था। इसके बाद नए अध्यक्ष के नाम का चयन होना स्वाभाविक है। अमित साटम एक ऐसा चेहरा हैं, जो महाराष्ट्र की विधानसभा में मुंबई के सवाल और मुंबई की अलग-अलग आवश्यकताओं को अच्छे से जानते हैं। विपक्ष पर टूट पड़ने वाले नेता के रूप में उनकी छवि है। मुंबई महानगर पालिका में भी उन्होंने पार्षद के रूप में काम किया है।"
उन्होंने कहा, "भाजपा ने मुंबई अध्यक्ष पद के लिए एक ऐसा चेहरा चुना है, जिस पर मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके, प्रांत अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मुंबई महानगर पालिका चुनाव में भाजपा बहुत अच्छा प्रदर्शन करने वाली है। हमारे महायुति गठबंधन को सफलता मिलेगी।"
उन्होंने बीएमसी चुनाव में सड़कों के गड्ढों को मुद्दा बनाए जाने पर ठाकरे बंधु पर निशाना साधते हुए कहा, "उनमें क्या दम है, इसे लोगों ने देखा है। अगर मुंबई शहर में रास्तों पर गड्ढे हैं, तो उसके लिए उद्धव ठाकरे जिम्मेदार हैं। मुंबई में कुल मिलाकर 2,050 किलोमीटर लंबी सड़कें हैं। आने वाले सालों में मुंबई की सारी सड़कें शानदार होने वाली हैं। उद्धव ठाकरे ने जानबूझकर सीमेंट-कंक्रीट की सड़कें न बनाकर डामर की सड़कें बनाई ताकि गड्ढे हों और उसके नाम पर अपने लोगों को करोड़ों के टेंडर दें, जिस कारण सड़क सालभर में खराब हो जाती थी और फिर से नया टेंडर लाते थे। उनके इस धंधे को हमने उजागर किया। वो इसके लिए मुंबई समेत पूरे देश से माफी मांगें क्योंकि ये एक राष्ट्रीय शहर है।"
राम कदम ने महाराष्ट्र चुनाव में कथित तौर पर 'वोट चोरी' के आरोप पर उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे ने अपने पुराने बयान में इसके लिए कांग्रेस और गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराया था, जो सोशल मीडिया पर उपलब्ध है। लेकिन, अब वे इसे भूल गए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Aug 2025 4:07 PM IST