अंतरराष्ट्रीय: 'आईएएसवी त्रिवेणी' से पृथ्वी का चक्कर लगाने के लिए निकला सैन्य महिला अफसरों का दल

नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की महिला अधिकारी गुरुवार को समुद्र के रास्ते पूरी पृथ्वी की परिक्रमा के लिए निकल पड़ी हैं। नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आईएएसवी त्रिवेणी के इस फ्लैग ऑफ समारोह को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस साहसिक अभियान के तहत दस महिला अधिकारियों की एक टीम नौका यात्रा पर निकली है।
सेना के मुताबिक यह पहली बार है, जब तीनों सशस्त्र बलों की महिला अधिकारी पूरी दुनिया का चक्कर लगाने के मिशन पर हैं। यह दल स्वदेशी पोत 'आईएएसवी त्रिवेणी' पर सवार होकर 26,000 से अधिक समुद्री मील की दूरी तय करेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब तीनों ही सेनाओं आर्मी, नेवी और एयरफोर्स की महिला अधिकारी एक साथ एक ही ध्वज के नीचे पूरी पृथ्वी की परिक्रमा के अभियान पर निकल रही हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी बेटियां इस साधना को पूरा करेंगी और दुनिया को यह दिखाएंगी कि भारतीय नारी का पराक्रम किसी भी सीमा से परे है। यह सिर्फ एक शिप की यात्रा नहीं है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह एक आत्मिक साधना भी है, यह अनुशासन और इच्छाशक्ति की यात्रा भी है। मुझे पता है कि इस यात्रा में आपको भीषण तूफानों, अकेलेपन, थकान और कभी-कभी निराशा से भी जूझना पड़ेगा, लेकिन मैं यह भी जानता हूं कि आपके दिल में संकल्प की जो ज्योति जल रही है, वह इन सभी अंधेरों को चीर देगी। जब आपमिशन से लौटेंगी, तब आप सिर्फ समुद्र का चक्कर लगाकर नहीं लौटेंगी, आप भारत के नाम एक नया कीर्तिमान दर्ज करके लौटेंगी।
रक्षा मंत्री ने कहा, "इस अभियान में तीनों ही सेनाओं के अधिकारी एक साथ हैं। यह वही संयुक्तता की भावना है, जिसे हम प्रमोट कर रहे हैं। हमारी सरकार का भी यही मानना है कि जब तीनों सेनाओं में यह भावना रहेगी तो बड़ी से बड़ी चुनौती भी हमारे सामने छोटी हो जाएगी। आप जिस अभियान पर निकल रहे हैं, यह अभियान भी हमें यही संदेश देता है कि जब तीनों सेनाएं एकजुट होकर आगे बढ़ती हैं तो समुद्र की लहरें भी उसके सामने छोटी पड़ जाती हैं।''
राजनाथ सिंह ने कहा कि इस पूरे अभियान में सबसे गर्व की बात यह है कि इसका नेतृत्व महिला अधिकारी कर रही हैं। अब महिलाएं केवल भागीदार नहीं हैं, बल्कि अपने भाग्य की कमांडर भी खुद ही हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा, ''आप एक टीम के रूप में जहां-जहां भी जाएंगे, वहां अलग-अलग पोर्ट पर आप रुकेंगे। फ्रेमेंटल, लिटेल्टन, पोर्ट स्टैनली और केप टाउन जैसे बंदरगाहों पर जब आप रुकेंगे तो जाहिर सी बात है कि आप वहां के अधिकारियों, समुदायों और नेताओं से संवाद करेंगे। आपका वह संवाद केवल भारतीय सेना की शक्ति का नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, परंपरा और मूल्यों का भी परिचायक होगा। आप एक तरह से इस यात्रा के माध्यम से भारत की संस्कृति का भी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आप भारत की संस्कृति को एक जगह से दूसरी जगह तक पहुंचा रहे हैं।''
मिशन के तहत महिला सैन्य अधिकारियों का दल दो बार भूमध्य रेखा को पार करेगा। महिला अधिकारी विश्व के तीन महान समुद्री केप को पार करेंगी।
दक्षिणी महासागर और ड्रेक पैसेज जैसे दुनिया के सबसे कठिन और खतरनाक समुद्री मार्गों को पार करना भी मिशन का हिस्सा है। यह नौसंचालन अभियान केवल साहस और रोमांच का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह भारत की नारी शक्ति, त्रि-सेवा (भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना) की एकजुटता और समुद्री कौशल का अद्भुत प्रदर्शन भी है।
यह त्रि-सेवा अभियान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की समुद्री क्षमताओं और साहसिक परंपरा का प्रदर्शन भी करेगा। सैन्य अधिकारियों का मानना है कि यह अभियान निश्चित रूप से भारत की महिलाओं और सशस्त्र सेनाओं के लिए नई प्रेरणा और गौरव का प्रतीक बनेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Sept 2025 2:23 PM IST