नाइजीरिया के मैदुगुरी में तीन धमाके 23 की मौत, 100 से अधिक घायल
अबुजा, 17 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी शहर मैदुगुरी में सोमवार शाम हुए तीन भीषण विस्फोटों में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 108 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में संदेह है कि ये हमले आत्मघाती हमलावरों द्वारा किए गए, जिन्होंने अलग-अलग स्थानों पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से धमाके किए। हमलावरों ने शहर के तीन भीड़भाड़ वाले इलाकों मैदुगुरी मंडे मार्केट, यूनिवर्सिटी ऑफ मैदुगुरी टीचिंग हॉस्पिटल के गेट और पोस्ट ऑफिस फ्लाइओवर क्षेत्र को निशाना बनाया।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने पुलिस के हवाले से बताया कि, सोमवार शाम को हुए ये तीन धमाके, रविवार रात से सोमवार सुबह के बीच एक मिलिट्री पोस्ट पर हुए हमले के बाद हुए। एक शाम पहले मिलिट्री पोस्ट पर हुए हमले और दिसंबर में एक मस्जिद पर हुए बम धमाके को मिलाकर, इन हमलों ने शहर को आतंकित कर दिया है। काफी समय से आतंकियों ने शहर के बजाए ग्रामीण इलाकों का रुख कर लिया है, जिससे यहां पर शांति कायम थी।
बोको हराम और उसके विरोधी गुट इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस (आईएसडब्ल्यूएपी) के लड़ाकों ने हाल ही में पूर्वोत्तर नाइजीरिया में अपने हमले तेज कर दिए हैं।
देश में अपना शासन स्थापित करने के लिए चलाए जा रहे उनके 16 साल लंबे अभियान में अब तक 40,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और लगभग 20 लाख लोग बेघर हो चुके हैं।
सैन्य प्रवक्ता सानी उबा ने एक बयान में कहा, "इन कायरतापूर्ण हमलों में भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक इलाकों को निशाना बनाया गया; आतंकवादियों का मकसद भारी जान-माल का नुकसान पहुंचाना और महानगर में दहशत फैलाना था।"
इन जगहों पर एक के बाद एक हुए धमाकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं और शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, मैदुगुरी और आसपास का इलाका पहले से ही उग्रवादी गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है।
बोर्नो राज्य की राजधानी, मैदुगुरी लंबे समय से आतंकवादी संगठन बोको हरम की गतिविधियों का केंद्र रहा है। इस समूह ने पिछले एक दशक में कई आत्मघाती हमले और विस्फोट किए हैं, जिनमें हजारों लोगों की जान जा चुकी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 5:36 PM IST












