निर्णायक टेस्ट मैच से पहले मैडिन्सन-हार्पर ऑस्ट्रेलियाई टीम से बाहर, स्मिथ फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे

निर्णायक टेस्ट मैच से पहले मैडिन्सन-हार्पर ऑस्ट्रेलियाई टीम से बाहर, स्मिथ फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को एक नया ओपनर मिलेगा, क्योंकि निक मैडिन्सन और बैकअप विकेटकीपर सैम हार्पर को टीम से रिलीज कर दिया गया है। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ अपनी गर्दन की चोट के लिए फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे।

केप टाउन, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को एक नया ओपनर मिलेगा, क्योंकि निक मैडिन्सन और बैकअप विकेटकीपर सैम हार्पर को टीम से रिलीज कर दिया गया है। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ अपनी गर्दन की चोट के लिए फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे।

मैडिन्सन इस सीरीज की अपनी चार पारियों में 0, 48, 0 और 8 रन ही बना सके थे। वह अब स्वदेश लौट रहे हैं, जहां वे होबार्ट में तस्मानिया के खिलाफ शेफील्ड शील्ड मैच में न्यू साउथ वेल्स की ओर से खेलेंगे। यह मैच शुक्रवार से शुरू हो रहा है। उनके जाने के बाद अब मैथ्यू रेनशॉ, ट्रैविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करेंगे।

इस बीच हार्पर को भी टीम से रिलीज कर दिया गया है, जो शनिवार से गाबा में क्वींसलैंड के खिलाफ होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच में विक्टोरिया की तरफ से खेलेंगे। जोश इंग्लिस की उंगली में फ्रैक्चर होने के बाद हार्पर को कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया था, लेकिन अब इंग्लिस फिट हैं और अगर एलेक्स कैरी को कोई दिक्कत आती है, तो वे विकेटकीपिंग कर सकते हैं।

'क्रिकइन्फो' के अनुसार, हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा, "हमें लगता है कि उनके (स्मिथ) खेलने के लिए अभी काफी कुछ ठीक होना बाकी है, लेकिन अगर आज हमें कोई सुखद आश्चर्य मिलता है, तो आप उन्हें खेलते हुए देख सकते हैं।"

स्मिथ को गकेबेरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लग गई थी। हालांकि उनके फिट होने की उम्मीद है, लेकिन अगर वे फिट नहीं होते हैं, तो मार्नस लाबुशेन पर अपनी नंबर तीन की जगह बचाने का दबाव बढ़ जाएगा, खासकर तब जब कैमरून ग्रीन और इंग्लिस भी चोट से उबरकर वापस आ चुके हैं। अगर स्मिथ समय पर ठीक नहीं हो पाते हैं, तो पूरी संभावना है कि केप टाउन में लाबुशेन ही खेलेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story