नितिन नबीन का राहुल, अखिलेश और केजरीवाल पर सीधा हमला, बोले-हिंदू धर्म को कमजोर समझने की भूल न करें

नितिन नबीन का राहुल, अखिलेश और केजरीवाल पर सीधा हमला, बोले-हिंदू धर्म को कमजोर समझने की भूल न करें
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि हिंदू धर्म और सनातन पर प्रहार करने वालों को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि हिंदू धर्म और सनातन पर प्रहार करने वालों को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि विपक्ष हिंदू धर्म को कमजोर समझने की भूल न करे, क्योंकि देश की जनता अपनी आस्था और सांस्कृतिक विरासत के अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। नितिन नबीन ने कहा, "मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि लोग आपके बहकावे में आ जाएंगे। जब आपके सहयोगी और समर्थक हिंदू देवी-देवताओं तथा सनातन पर टिप्पणी करते हैं, तब आप मौन साध लेते हैं। उत्तर प्रदेश और देश की जनता इस अपमान का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देती रहेगी।"

उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल विकास की राजनीति नहीं की, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और पुनर्जीवित करने का काम भी किया है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का भव्य पुनर्विकास और देशभर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह भाजपा की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि इस विरासत को बचाने और संजोने के लिए पूर्वजों ने बलिदान दिए हैं और भाजपा उसी विरासत को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद और माफियाराज की पहचान बन गया था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।

उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, विकास और सुशासन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव संगठन की ताकत के बूते लड़ा जाएगा। शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर भाजपा की मजबूत संरचना ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की मजबूती के दम पर भाजपा 2027 में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 5:47 PM IST

Tags

Next Story