नितिन नवीन ने नेपाल में बाढ़ से तबाही पर जताया दुख, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

नितिन नवीन ने नेपाल में बाढ़ से तबाही पर जताया दुख, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
नेपाल के रसुवा जिले में आई भीषण बाढ़ से हुई भारी जनहानि और तबाही पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दुख जताया है।

नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल के रसुवा जिले में आई भीषण बाढ़ से हुई भारी जनहानि और तबाही पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दुख जताया है।

उन्होंने एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा कि नेपाल में आई बाढ़ से हुई व्यापक जनहानि और तबाही अत्यंत दुखद है। उन्होंने नेपाल के लोगों की सुरक्षा और कुशलता की प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से बात कर भारत की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।

बता दें कि नेपाल के रसुवा जिले में आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार बाढ़ में कई लोगों की मौत हुई है और कई अन्य लापता हैं।

कांतिपुर समाचार के मुताबिक बागमती प्रांत के पुलिस प्रमुख डीआईजी दीपक रेग्मी ने शव मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दो घायलों को इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है।

काठमांडू पोस्ट ने नेपाली सेना के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि बुधवार दोपहर तक 25 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। राहत और बचाव अभियान में नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) और नेपाल पुलिस के साथ 14 हेलिकॉप्टर भी लगाए गए हैं।

नेपाल-चीन सीमा के निकट उत्तरी रसुवा में एपीएफ की एक सीमा चौकी पर तैनात चार जवान अचानक आई बाढ़ के बाद से लापता हैं। एपीएफ के प्रवक्ता डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल नेत्र बहादुर कार्की ने बताया कि बाढ़ आने के बाद से इन जवानों से संपर्क नहीं हो पाया है। हालांकि, सीमा चौकी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और जवानों की तलाश जारी है।

स्थानीय मीडिया की अपुष्ट खबरों के अनुसार रसुवा कस्टम्स कार्यालय के 14 कर्मचारी भी संपर्क से बाहर हैं। वहीं, कांतिपुर टेलीविजन की रिपोर्ट में नेपाल पुलिस के एक प्रवक्ता के हवाले से 32 जवानों के भी लापता होने की जानकारी दी गई है।

'द हिमालयन टाइम्स' के अनुसार बाढ़ ने नुवाकोट जिले के त्रिशूली बाजार के पास करीब 60 घरों को बहा दिया है और दो पुल भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, गोरखा और चितवन समेत प्रभावित जिलों के संघीय सांसदों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Aug 2026 7:08 PM IST

Tags

Next Story