शाहनगर न्यूज: वन्य जीव को अजगर ने निगला, वन अमले ने रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा

सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देशन में शाहनगर वन अमला अलर्ट हुआ और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला

शाहनगर डिजिटल न्यूज। शाहनगर वन परिक्षेत्र के मरहा में उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों की मेड़ पर एक विशाल अजगर देखा गया। अजगर के शरीर को देखकर किसी बड़े वन्य जीव को निगलने की आशंका जताई गई।जानकारी के मुताबिक मरहा गांव के रिहायशी इलाके में स्व. गुलाब सिंह के खेतों की मेड़ पर लगभग 12 फीट लंबा अजगर पड़ा था। गश्ती के दौरान बीट गार्ड प्रकाश गुप्ता की नजर जैसे ही अजगर पर पड़ी, उन्होंने तत्काल मरहा बीट में पदस्थ वनपाल विनोद वर्मा को सूचना दी। वनपाल ने इसकी सूचना शाहनगर वन परिक्षेत्र अधिकारी राजूल कटारे को दी।सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देशन में शाहनगर वन अमला अलर्ट हुआ और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल से सटे क्षेत्र में सतर्क रहें और इस प्रकार की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।


Created On :   26 Aug 2026 6:50 PM IST

Tags

Next Story