Panna News: भारी बारिश के चलते पन्ना जिले में 21 और 22 अगस्त को स्कूलों में अवकाश

भारी बारिश के चलते पन्ना जिले में 21 और 22 अगस्त को स्कूलों में अवकाश
बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन के इस फैसले से जिलेभर के विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है।

डिजिटल डेस्क,पन्ना। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के भारी वर्षा अलर्ट को देखते हुए कलेक्टर उषा परमार ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 21 और 22 अगस्त को छुट्टी रहेगी।

जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, नवोदय विद्यालय और सीबीएसई शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। प्रशासन ने यह निर्णय विभिन्न मार्गों पर बारिश के पानी के भराव तथा जिले की नदियों और नालों का जलस्तर लगातार बढ़ने की स्थिति को देखते हुए लिया है।

शिक्षकों-कर्मचारियों को स्कूल पहुंचना होगा

अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यालयीन समय में उपस्थित होकर अपने नियमित कार्य करेंगे। अवकाश के कारण प्रभावित शैक्षणिक पाठ्यक्रम की भरपाई आगामी कार्यदिवसों में अतिरिक्त कालखंड लगाकर की जाएगी। वहीं, शासन द्वारा पूर्व निर्धारित परीक्षाएं एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियां निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित होती रहेंगी। बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन के इस फैसले से जिलेभर के विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है।

Created On :   20 Aug 2026 7:51 PM IST

Tags

Next Story