- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- तीन दिन से लगातार बारिश, नदी-नाले...
Panna News: तीन दिन से लगातार बारिश, नदी-नाले उफान पर

डिजिटल डेस्क,पन्ना। सलेहा थाना क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कई नदी-नाले उफान पर आने से विभिन्न मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है और कई स्थानों पर रास्ते पूरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं।
सलेहा के समीप बहने वाली गोड़ने, पतने ,टिर्री,बोरी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वहीं अगस्त मुनि आश्रम सिद्धनाथ जाने वाले मार्ग पर पटना तमली के समीप बहने वाली नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है।
इसी प्रकार धरवारा से निरकाल मंदिर जाने वाले मार्ग पर नदी का पानी रपटे के ऊपर बहने से धरवारा से कचनारा एवं असौनी जाने वाला मार्ग भी प्रभावित हुआ है। भुलगवां पंचायत अंतर्गत महुआखेड़ा से पल्हरी गांव जाने वाले सड़क मार्ग पर स्थित नाले में भी पानी अधिक होने के कारण आवागमन बाधित है।
लगातार बारिश को देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा थाना क्षेत्र के नदी-नालों और संवेदनशील मार्गों की निगरानी की जा रही है। पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई है कि जिन मार्गों पर नदी या नालों का जलस्तर अधिक है, वहां से आवागमन न करें और पानी कम होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहें।
Created On :   20 Aug 2026 7:46 PM IST












