नियमित स्कूल आने वाले बच्चों को मिला प्रोत्साहन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बांटी स्कूल यूनिफॉर्म

नियमित स्कूल आने वाले बच्चों को मिला प्रोत्साहन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बांटी स्कूल यूनिफॉर्म
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के 108 विद्यार्थियों को दो-दो जोड़ी स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की। उन्होंने कहा कि शिक्षा से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए और नियमित विद्यालय आने की आदत ही उसके उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

लखनऊ, 1 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के 108 विद्यार्थियों को दो-दो जोड़ी स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की। उन्होंने कहा कि शिक्षा से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए और नियमित विद्यालय आने की आदत ही उसके उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय प्रशासन को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 108 विद्यार्थियों को दो-दो जोड़ी स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की। यह यूनिफॉर्म राज्यपाल की प्रेरणा से प्रतापगढ़ के सांसद एसपी सिंह पटेल के सहयोग से उपलब्ध कराई गई। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की योजना है।

यूनिफॉर्म वितरण के लिए उन विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिनकी विद्यालय में नियमित उपस्थिति रही। इस पहल का उद्देश्य अन्य छात्रों को भी नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित करना है, ताकि उनमें अनुशासन की भावना विकसित हो और वे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

राज्यपाल ने कहा कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उनका प्रयास है कि विद्यालयों में ड्रॉपआउट की समस्या कम हो, बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़े और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सभी तक पहुंचे।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने कहा कि जो छात्र प्रतिदिन विद्यालय आएंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विद्यालय की प्रधानाचार्या को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ड्राइंग, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का नियमित आयोजन कराया जाए, ताकि बच्चों की प्रतिभा निखरे और उनमें आत्मविश्वास का विकास हो।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 July 2026 5:36 PM IST

Tags

Next Story