विलास घुले हत्याकांड: सांसद पुत्र की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े परिजन

सांसद पुत्र की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े परिजन
  • बहुचर्चित विलास घुले हत्याकांड में बुधवार को नया घटनाक्रम सामने आया
  • सांसद बजरंग सोनवणे के पुत्र सौरभ सोनवणे की गिरफ्तारी

Beed News. जिले की केज तहसील के टाकली गांव के बहुचर्चित विलास घुले हत्याकांड में बुधवार को नया घटनाक्रम सामने आया। मामले में संदिग्ध बताए जा रहे सांसद बजरंग सोनवणे के पुत्र सौरभ सोनवणे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजन गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गए और आंदोलन शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलता, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे। इस विरोध प्रदर्शन के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है और प्रशासन अलर्ट हो गया है।

उल्लेखनीय है कि 20 जून को केज तहसील के टाकली गांव में विलास घुले की चाकू से कई वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में व्यापक आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने जांच के दौरान अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामले में सांसद बजरंग सोनवणे के पुत्र सौरभ सोनवणे का नाम भी सामने आने से यह प्रकरण राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर चुकी है, लेकिन परिजनों का कहना है कि केवल पूछताछ पर्याप्त नहीं है। उनका आरोप है कि सौरभ सोनवणे की भूमिका की निष्पक्ष जांच करते हुए उन्हें मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बेटे की हत्या के बाद उनके परिवार को सोशल मीडिया पर बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ लोग रमेश घुले, दिवंगत विलास घुले और उनके परिवार के खिलाफ झूठी एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारी लाउडस्पीकर के माध्यम से आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Created On :   1 July 2026 6:49 PM IST

Tags

Next Story