झारखंडः रामगढ़ सब-रजिस्ट्रार हत्याकांड में सात आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त ईंट और डंडा बरामद

झारखंडः रामगढ़ सब-रजिस्ट्रार हत्याकांड में सात आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त ईंट और डंडा बरामद
रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा गांव में जमीन विवाद में गिरिडीह के सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून से सना ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

रामगढ़, 1 जुलाई (आईएएनएस)। रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा गांव में जमीन विवाद में गिरिडीह के सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून से सना ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि बलसगरा गांव में करीब 11 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद को लेकर 30 जून की सुबह बालेश्वर पटेल पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी रीता देवी के बयान पर मांडू थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, वीडियो फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार साव उर्फ पंपम, साधु साव उर्फ ज्ञानी, शकुंतला देवी, रूबी कुमारी, विनय कुमार, पूजा कुमारी और लक्ष्मी देवी उर्फ डॉली कुमारी शामिल हैं।

पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल खून से सना ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा बरामद किया है। एसपी ने बताया कि घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए रांची से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच अभी जारी है और अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, बालेश्वर पटेल हूल दिवस के अवकाश पर अपने गांव आए थे और मंगलवार सुबह विवादित जमीन पर बोरिंग एवं समरसेबल पंप का निरीक्षण करने गए थे। इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 July 2026 6:37 PM IST

Tags

Next Story