नोएडा चोरी का जनरेटर और अल्टरनेटर बरामद, फेस-2 पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार
नोएडा, 15 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के फेस-2 थाने की पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक जनरेटर, उसी जनरेटर का अल्टरनेटर तथा चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को फेस-2 की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर अभियान चलाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान मोहसिन पुत्र इश्फाक अली और बृजेश यादव पुत्र राकेश यादव के रूप में हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त मोहसिन मूल रूप से ग्राम कौमटी खरौली, थाना सासनी गेट, जनपद अलीगढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 28 वर्ष बताई गई है। वहीं दूसरा आरोपी बृजेश यादव मूल रूप से ग्राम टिकैतपुरा, थाना राजा का रामपुर, जनपद एटा का निवासी है और वर्तमान में ग्राम भंगेल, थाना फेस-2 क्षेत्र में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 22 वर्ष है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक जनरेटर और उसका अल्टरनेटर बरामद किया। इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल ऑटो भी कब्जे में लिया गया, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी बृजेश यादव का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में थाना राजा का रामपुर, एटा में महिला से संबंधित अपराध एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
इसके अतिरिक्त, वर्ष 2021 में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में थाना फेस-2 पर मुकदमा अपराध संख्या 295/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने पूर्व में और कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है तथा इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 July 2026 5:25 PM IST












