नोएडा फर्जी रजिस्ट्री के जरिए करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 महिला समेत 3 गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर जिले में थाना जारचा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी रजिस्ट्री के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से लोगों को धोखा देकर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और एक स्कार्पियो कार भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना जारचा पुलिस ने समाना नहर के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रदीप राणा, खुशबू देवी और ज्योत्सना के रूप में हुई है। प्रदीप राणा गाजियाबाद के लालकुआं स्थित सहारा होम्स का निवासी है, जबकि खुशबू देवी और ज्योत्सना मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले की रहने वाली हैं। ज्योत्सना वर्तमान में गाजियाबाद के प्रताप विहार क्षेत्र में रह रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से जमीन की रजिस्ट्री कराकर लोगों को ठगता था। आरोपियों ने अब तक करीब 3 करोड़ 3 लाख रुपये की ठगी की है। यह गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था और भोले-भाले लोगों को सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना जारचा में कुल पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड और एक स्कार्पियो कार बरामद की है, जिन्हें गिरोह द्वारा अपराध में इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। साथ ही, पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जमीन खरीद-फरोख्त से पहले दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 April 2026 6:11 PM IST












