ममता बनर्जी ने भाजपा पर साधा निशाना, बोलीं-छात्रों की आवाज उठाना अराजकता नहीं

ममता बनर्जी ने भाजपा पर साधा निशाना, बोलीं-छात्रों की आवाज उठाना अराजकता नहीं
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा पर निशाना साधा है।

कोलकाता, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा पर निशाना साधा है।

ममता बनर्जी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी, बड़े दुख के साथ पूछना पड़ रहा है क्या प्रतिष्ठित जाधवपुर विश्वविद्यालय के मेधावी छात्रों का वर्णन करने का आपका यही तरीका है? क्या शालीनता और शिष्टाचार को लेकर आपकी यही सोच है? जाधवपुर विश्वविद्यालय को आपकी सरकार के एनआईआरएफ रैंकिंग फ्रेमवर्क में साल-दर-साल शीर्ष स्थान मिलते रहे हैं और आप उसी 'उत्कृष्टता के केंद्र' का अपमान करने पर उतर आए हैं? आप इतना नीचे गिर गए हैं?

ममता बनर्जी ने लिखा कि जाधवपुर विश्वविद्यालय के छात्रों ने अपनी जगह अपनी योग्यता के बल पर बनाई है। वे यहां से डिग्रियां लेकर निकलते हैं, साथ में लेकर निकलते हैं अपनी बौद्धिक क्षमता और सवाल पूछने की हिम्मत। यह अराजकता नहीं है। यह शिक्षा है और यही उत्कृष्टता है।

उन्होंने लिखा कि अराजकता छात्रों का अपनी आवाज उठाना नहीं है। अराजकता तो न्याय के बजाय सत्ता के औजार के रूप में बुलडोजरों का इस्तेमाल करना है। सीएम ने लिखा कि अराजकता तब होती है, जब किसान मरते हैं और उनकी आवाज को कुचल दिया जाता है। अराजकता तब होती है, जब दुष्कर्म और अन्य जघन्य अपराधों के दोषी लोग राजनीतिक स्वार्थ के चलते आजाद घूमते हैं।

ममता बनर्जी ने लिखा कि अराजकता गरीबों को उनके हक से वंचित करना है। अराजकता वोटों की खातिर देश को धार्मिक आधार पर बांटना है। अराजकता प्रेस का सामना करने से इनकार करना, जवाबदेही से बचना और सवालों से मुंह मोड़ना है। अराजकता इस सच्चाई को मानने से इनकार करना है कि मणिपुर जल रहा है और आप चुनावों में व्यस्त हैं।

सीएम ममता ने लिखा कि छात्रों का विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का टूटना नहीं है, बल्कि यह तो जीवंत लोकतंत्र की निशानी है। कृपया उस शैक्षणिक संस्थान को बदनाम न करें, जिसे हमारे शुरुआती राष्ट्रवादियों (जिनमें श्री अरबिंदो जैसे अग्रदूत भी शामिल थे) से प्रेरणा मिली थी। कृपया बंगाल को बदनाम न करें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 April 2026 6:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story