नोएडा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 26 मार्च (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 25 मार्च को थाना सूरजपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे अभियुक्त अभिषेक गौतम उर्फ रवि को ग्राम खेड़ी कट क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
आरोपी की गिरफ्तारी लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए डीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पूछताछ में सामने आया है कि अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता था। यह गिरोह मुख्य रूप से घरों में घुसकर चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देता था।
आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ सूरजपुर थाने में कई संगीन धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत भी इनके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक गौतम उर्फ रवि (31 वर्ष) पुत्र गोविंद निवासी गौतमपुरी, कस्बा एवं थाना दादरी, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 4:55 PM IST












