नुवान तुषारा का आईपीएल 2026 में खेलना मुश्किल, श्रीलंका क्रिकेट का 'एनओसी' देने से इनकार रिपोर्ट

नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जिससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज नुवान तुषारा आगामी सीजन में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने सख्त फिटनेस पॉलिसी लागू होने के बाद उन्हें 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (एनओसी) देने से इनकार कर दिया है।
तुषारा के लिए, आईपीएल से बाहर रहना उनके करियर की प्रगति और आर्थिक अवसरों, दोनों के लिए एक बड़ा झटका है। नए नियमों के तहत, एसएलसी ने आईपीएल और पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) जैसी विदेशी फ्रेंचाइजी लीग में हिस्सा लेने के लिए मंजूरी मिलने से पहले खिलाड़ियों के लिए नए तय किए गए शारीरिक प्रदर्शन के मानकों को पूरा करना अनिवार्य कर दिया है। तुषारा इन जरूरी मानकों को पूरा नहीं कर पाए।
'न्यूजवायर श्रीलंका' के अनुसार, एसएलसी ने एनओसी रोक दी है। इस फैसले से नुवान तुषारा को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट गंवाना पड़ सकता है, जिसकी कीमत कथित तौर पर लगभग 1.6 करोड़ रुपए है।
तुषारा श्रीलंका के एशिया कप 2025 अभियान में अहम भूमिका में थे, लेकिन उसके बाद टी20 विश्व कप से पहले उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। तेज गेंदबाजों में चोटों की एक के बाद एक घटनाओं के बावजूद, उन्हें टीम में चुनने के लिए नजरअंदाज कर दिया गया, जिससे राष्ट्रीय टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुषारा फिलहाल चोटिल नहीं है। वह गेंदबाजी करने के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी पूरी फिटनेस को लेकर उठे संदेहों ने चयनकर्ताओं के सख्त रवैये को प्रभावित किया है।
एसएलसी ने अपनी नई पॉलिसी में कोई समझौता न करने का रवैया अपनाया है। एनओसी सिर्फ उन्हीं खिलाड़ियों को दी जा रही है जो फिटनेस के मानकों को पूरा करते हैं। दुश्मंथा चमीरा, दासुन शनाका, पथुम निसांका और कामिंदु मेंडिस सहित कई खिलाड़ियों ने इन मानकों को पूरा करते हुए आईपीएल में खेलने के लिए मंजूरी हासिल कर ली है।
इसके विपरीत, कुसल जनिथ परेरा को बिना फिटनेस टेस्ट दिए पीएसएल में शामिल होने की अनुमति दे दी गई। एसएलसी ने स्पष्ट किया है कि वह फिलहाल राष्ट्रीय टीम में चयन की दौड़ में शामिल नहीं हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 5:58 PM IST











