आंध्र प्रदेश बस हादसा सरकार का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को 5 लाख मुआवजा

आंध्र प्रदेश बस हादसा सरकार का बड़ा ऐलान, मृतकों के परिजनों को 5 लाख मुआवजा
आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में हुए भीषण बस हादसे के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 2-2 लाख रुपये देने का भी फैसला किया गया है।

अमरावती, 26 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में हुए भीषण बस हादसे के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 2-2 लाख रुपये देने का भी फैसला किया गया है।

यह निर्णय मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। कैबिनेट ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

गौरतलब है कि गुरुवार सुबह मार्कापुरम जिले में एक निजी ट्रैवल्स की बस और टिपर ट्रक की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच रायवरम के पास एक स्टोन क्वारी के नजदीक हुआ।

बताया जा रहा है कि बस तेलंगाना के जगतियाल से नेल्लोर जिले के कनीगिरी जा रही थी और इसमें 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस और ट्रक दोनों पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

घायलों को ओंगोल और मार्कापुरम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों और घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस और टिपर दोनों गलत दिशा में चल रहे थे। टक्कर के दौरान बस टिपर के डीजल टैंक से टकरा गई, जिससे आग लग गई। वहीं, बस चालक का कहना है कि स्टेयरिंग फंस जाने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों से बातचीत की और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने मामले की गहन जांच कर रिपोर्ट सौंपने के भी आदेश दिए।

वहीं, राज्य के परिवहन मंत्री मणिपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने भी हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों को सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 6:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story