अबू धाबी मारे गए 2 लोगों में से एक भारत, दूसरा पाकिस्तान का
अबू धाबी, 26 मार्च (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात में गुरुवार को मिसाइल के टुकड़े गिरने से मारे गए दोनों लोगों की पहचान हो गई गई है। अधिकारियों के अनुसार इनमें से एक भारत और दूसरा पाकिस्तान का नागरिक था। वहीं घायलों में भी एक भारतीय शामिल है।
अबू धाबी मीडिया ने सुबह हुए हादसे का अपडेट दिया है। एक्स पोस्ट के जरिए बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोकने के बाद गिरे टुकड़े की चपेट में आने से पाकिस्तानी और भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है। वहीं तीन घायलों में से एक अमीराती, दूसरा जॉर्डन और तीसरा भारतीय नागरिक है। इनमें से किसी को गंभीर तो किसी को सामान्य चोट आई है।
मीडिया कार्यालय ने इस जानकारी के साथ लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी है और कहा है कि अफवाहों से बचते हुए आधिकारिक सोर्स से ही जानकारी लें।
गुरुवार सुबह ही बताया गया था कि मिसाइल को सफलता से इंटरसेप्ट किया गया, लेकिन इसी दौरान जो टुकड़े गिरे, उसकी जद में आए दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
अधिकारियों का मानना है कि भले ही मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम हवा में ही नष्ट कर दे रहा है, लेकिन उनके गिरते हुए टुकड़े या मलबा लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच का ये संघर्ष अब 27वें दिन में प्रवेश कर चुका है। ईरान खाड़ी देशों को निशाना बना रहा है, जहां अमेरिकी सैन्य बेस मौजूद हैं। वो कहता रहा है कि जो देश अमेरिकी जमीनी सेना की मदद करेंगे, वे भी निशाने पर रहेंगे। हालांकि खाड़ी देशों का कहना है कि वे इस संघर्ष का हिस्सा नहीं हैं।
जब से ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल का संघर्ष शुरू हुआ है, तब से यूएई में ईरानी स्ट्राइक में गुरुवार को मारे गए दो लोगों को मिलाकर 10 लोग मारे गए हैं। शनिवार (21 मार्च) को यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि आठ लोग मारे गए, "जिनमें सेना के दो सदस्य और पाकिस्तानी, नेपाली, बांग्लादेशी और फिलिस्तीनी देशों के छह आम नागरिक शामिल हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 6:26 PM IST












