हमारी विदेश नीति स्पष्ट है, हम पहले अपने लोगों की भलाई के बारे में सोचते हैं मनन मिश्रा
नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच भारत सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हमारी विदेश नीति स्पष्ट है, हम पहले अपने लोगों की भलाई के बारे में सोचते हैं।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने कहा कि हम किसी दूसरे का झंडा या बोझ नहीं उठाते। हमारी अपनी स्वतंत्र नीति है। हमारी विदेश नीति पूरी तरह से अलग है। हम तटस्थ रहते हैं और केवल अपने नागरिकों के बारे में सोचते हैं। मोदी सरकार इस बात पर ध्यान केंद्रित करती है कि भारत के लोगों को किस चीज से फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि हमारे नागरिक शांति, सद्भाव और स्थिरता के साथ कैसे रह सकते हैं, देश का विकास कैसे हो सकता है, तेल की कोई कमी न हो और भंडार सुरक्षित रहें। हमारे संबंध सभी देशों से अच्छे बने रहें। इसीलिए, विदेश मंत्री ने सही कहा है कि हमारी विदेश नीति स्पष्ट है, पहले हम अपने देश के लोगों के बारे में सोचते हैं।
आरजी कर पीड़िता की मां को भाजपा द्वारा टिकट दिए जाने पर मनन मिश्रा ने कहा कि यह एक बहुत अच्छा कदम है। देखिए, इससे पूरे पश्चिम बंगाल में एक बहुत ही सकारात्मक संदेश जाएगा, जिनको टीएमसी के गुंडों ने प्रताड़ित किया, उनको टिकट देना, देश के नागरिकों के साथ ही साथ बंगाल की जनता के लिए बहुत अच्छी बात है। भाजपा इससे और भी मजबूत होगी। भाजपा हमेशा से महिलाओं के सम्मान के लिए खड़ी रही है।
टीएमसी पर तंज कसते हुए मनन मिश्रा ने कहा कि यह पत्थरबाजी टीएमसी के गुंडों और उनके कार्यकर्ताओं द्वारा की जाती है। रामनवमी या किसी भी धार्मिक अवसर पर कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ जाती है तो इसका एकमात्र कारण टीएमसी के कार्यकर्ता, उनके गुंडे और असामाजिक तत्व हैं, जिन्हें पुलिस से भी संरक्षण मिलता है। ममता बनर्जी ने बंगाल की 15 साल में दुर्दशा कर दी है।
ममता बनर्जी के बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि वे झूठ बोल रही हैं। टीएमसी के लोगों, उनके कार्यकर्ताओं और उनके गुंडों का यही स्वभाव है। निहत्थे या बेकसूर लोगों पर हमला करना, उन्हें परेशान करना और उन्हें तबाह कर देना ही उनका स्वभाव है। यह भाजपा के लोगों का कभी स्वभाव नहीं रहा है कि वे निर्दोष लोगों या दूसरे लोगों पर आक्रमण करें। भाजपा अपने कार्यक्रमों को शांति से करती है।
पीएम मोदी के दुनिया में सबसे लोकप्रिय नेता बनने पर भाजपा सांसद ने कहा कि पूरी दुनिया उनकी तारीफ करती है। उनकी नीतियां और जिस तरह से करीब 39-40 देशों ने उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मानों से नवाजा है, वह वाकई काबिले-तारीफ है। यह इस बात को दर्शाता है कि आज भारत को कितना अत्यधिक सम्मान प्राप्त है। 2014 से पहले, भारत को अक्सर एक संघर्षरत राष्ट्र के तौर पर देखा जाता था। यूपीए ने इसे कमजोर कर दिया था।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी 2047 तक देश को विकसित भारत के रूप में विश्व गुरु के तौर पर स्थापित करने वाले हैं। युद्ध की वजह से हर तरफ संकट है। लेकिन, हमारे देश में लोग शांति से रह रहे हैं, यह हमारी विदेश नीति और पीएम मोदी के सराहनीय फैसलों की वजह से है। यह हमारे लिए गौरव की बात है, हमें खुशी होनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 6:55 PM IST












