नोएडा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, लोडर और बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत, तीन घायल

नोएडा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, लोडर और बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत, तीन घायल
नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने सब्जियों से भरे लोडर वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर के साथ-साथ सड़क किनारे चल रही एक मोटरसाइकिल भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

नोएडा, 9 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने सब्जियों से भरे लोडर वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर के साथ-साथ सड़क किनारे चल रही एक मोटरसाइकिल भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को थाना फेस-2 क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने सब्जियों से भरे लोडर वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से लोडर अनियंत्रित हो गया और उसकी चपेट में पास से गुजर रही एक मोटरसाइकिल भी आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फेस-2 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में लोडर पर सवार दीपक (16 वर्ष) पुत्र राजेंद्र, निवासी ग्राम लोथर, जनपद बदायूं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उपचार के दौरान राजवीर (50 वर्ष) पुत्र वासुदेव, निवासी ग्राम सुरौरा, थाना गुन्नौर, जनपद संभल ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस दुर्घटना में लोडर चालक अशोक कुमार (56 वर्ष) निवासी अहमदपुर, शामली, आकाश (31 वर्ष) निवासी रसूलपुर, संभल, शंकर (24 वर्ष) निवासी सुरौरा, संभल तथा मोटरसाइकिल सवार अभिषेक राय (29 वर्ष) निवासी सिरसी, जनपद संतकबीरनगर घायल हुए। इनमें से तीन घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार, घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

फेस-2 थाने की पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 July 2026 5:40 PM IST

Tags

Next Story