वनडे सीरीज गुरबाज का शतक, अफगानिस्तान ने भारत को दिया 195 का लक्ष्य
धर्मशाला, 13 जून (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में खेला जा रहा है। बारिश की वजह से मैच विलंब से शुरू हुआ और 50-50 ओवर की जगह 25-25 ओवर का खेला जा रहा है। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 195 रन का लक्ष्य दिया है।
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 26 के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। पारी की शुरुआत करने आए रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक छोर थाम रखा था। गुरबाज ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की और टीम का स्कोर 142 रन तक पहुंचाया।
इस साझेदारी के दौरान गुरबाज ने अपना 9वां वनडे शतक लगाया। गुरबाज ने मात्र 48 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वनडे में अफगानिस्तान की तरफ से यह सबसे तेज शतक है। गुरबाज 51 गेंदों पर 8 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए।
गुरबाज 15.3 ओवर में चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। उनका विकेट गिरने के बाद अफगानिस्तान का मध्यक्रम और निचलाक्रम ध्वस्त हो गया। टीम 25 ओवर नहीं खेल सकी और 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई। कप्तान शाहिदी ने 27 और अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 26 रन बनाए।
भारत की तरफ से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत कर रहे गुरनुर बरार और हर्ष दूबे ने शानदार गेंदबाजी की। गुरनुर ने 4.5 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि हर्ष दूबे ने 5 ओवर में 47 रन देकर 2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और नीतिश कुमार रेड्डी को 2-2 विकेट मिला। प्रसिद्ध कृष्णा और वाशिंगटन सुंदर को विकेट नहीं मिला।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Jun 2026 8:13 PM IST












