'ऑपरेशन निश्चय' छत्तीसगढ़ के धमतरी में हेरोइन समेत 3.65 लाख का सामान बरामद, तीन गिरफ्तार
धमतरी, 20 सितंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत कुरूद पुलिस ने तीन आरोपियों को 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, नगदी, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन समेत कुल 3.65 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है। धमतरी पुलिस ने इसे जिले में हेरोइन के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की शाम करीब 6:20 बजे कुरूद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड, कुरूद के पास कुछ लोग हेरोइन लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर वहां मौजूद तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद होने का दावा किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 2 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा (24) निवासी कलार पारा कुरूद, ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ (24) निवासी नयापारा धमतरी और सूरज रजक (29) निवासी नयापारा, बजरंग चौक धमतरी शामिल हैं।
कुरूद थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कुल 3 लाख 65 हजार रुपए मूल्य का सामान जब्त किया गया। इसमें 21.51 ग्राम हेरोइन की अनुमानित कीमत 1.02 लाख रुपए, 8 हजार रुपए, करीब 1.60 लाख रुपए की दो मोटरसाइकिल और करीब 95 हजार रुपए कीमत के चार मोबाइल फोन शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर चल रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल और एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में कुरूद थाना पुलिस ने की।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पकड़े गए आरोपियों के माध्यम से नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Sept 2026 5:20 PM IST












