पति की फिल्म में कैमियो के लिए यामी ने ली थी इतनी फीस, बताया- कुछ चीजें अनमोल...
मुंबई, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री यामी गौतम हाल ही में को-स्टार आदिनाथ कोठारे के साथ माधुरी दीक्षित के क्विज शो 'कौन होणार करोडपती' पर गई थीं। शो के दौरान अभिनेत्री यामी गौतम ने पति आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' में अपने कैमियो के लिए फीस लेने की खबरों पर खुलकर बात की।
शो में अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने यामी से मजाक में पूछा कि क्या उन्हें 'धुरंधर' में उनके कैमियो के लिए पैसे मिले थे या पति के कहने पर उन्होंने यह रोल किया था।
माधुरी ने कहा, "मैंने धुरंधर देखी है और यह फिल्म मुझे बहुत पसंद भी आई है, क्या तुम्हें उस कैमियो के लिए पेमेंट मिला या पति ने कहा कि प्लीज बेब, कर दो ना?"
सवाल सुनकर हंसते हुए यामी ने जवाब दिया, "मुझे लगता है कुछ चीजें अनमोल होती हैं। आदित्य ने कहा था, 'प्लीज मेरे सेट पर आ जाओ। मैं चाहता हूं कि मेरे सेट पर गुड लक रहे' और मेरे लिए, तो देश के सबसे बेहतरीन डायरेक्टर्स में से एक के डायरेक्शन में काम करना ही मेरी फीस थी। जब मैंने यह खबर सुनी कि मुझे कैमियो के लिए मोटा चेक मिला है, तो मैं खुद भी हैरान रह गई। मेरे लिए एक बेहतरीन डायरेक्टर के साथ काम करना ही मेरी फीस थी।"
बता दें कि यामी गौतम ने अपने पति आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' में स्पेशल कैमियो किया था, जो एक बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई।
एक्ट्रेस ने फिल्म में शाजिया बानो का किरदार निभाया था, जो एक नर्स है, लेकिन बाद में पता चलता है कि वह पाकिस्तान में काम कर रही एक अंडरकवर भारतीय एजेंट है। रणवीर सिंह के किरदार हमजा के साथ उनका सीन छोटा था, लेकिन काफी अहम था।
आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म ने दर्शकों के दिलों में जगह बनाने के साथ-साथ बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई की थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Oct 2026 5:08 PM IST












