गोलू साह को न्याय दिलाने की मांग तेज, राजद विधायकों ने डीजीपी से की मुलाकात
पटना, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र और पार्टी नेता एज्या यादव ने पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर गोलू साहू से मारपीट और प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने का मामला उठाया। विधायकों ने आरोप लगाया कि समस्तीपुर में एक व्यक्ति ने पुलिस की लाठी लेकर गोलू साहू की पिटाई की, लेकिन इस मामले में अब तक पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। विधायकों के मुताबिक, डीजीपी ने मामले की सीआईडी से जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
राजद विधायक एज्या यादव ने कहा कि राज्य में ऐसी स्थिति बन गई है, जहां पुलिस के सामने एक आम व्यक्ति पुलिस की लाठी लेकर दूसरे व्यक्ति की पिटाई कर रहा है। उन्होंने गोलू साहू का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस उसे पकड़ने पहुंची थी। इसी दौरान जितेश मुखिया नाम का व्यक्ति पुलिस की गाड़ी से उतरा और पुलिस की लाठी लेकर गोलू साहू को पीटने लगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी आम नागरिक को पुलिस के सामने पुलिस की लाठी से दूसरे व्यक्ति की पिटाई करने का अधिकार है?
विधायक ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पहले पुलिस अधीक्षक (एसपी) तक प्रयास किया गया, लेकिन समाधान नहीं मिलने पर वे डीजीपी से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब उन्हें न्याय मिलने का आश्वासन मिला है।
वहीं, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि पुलिस की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि गोलू साहू गाड़ी से उतरकर भाग रहा था, लेकिन ऐसा नहीं है। भाजपा के मंडल नेता और प्रभारी जितेश कुमार सिन्हा ने गोलू साहू को दोनों हाथों में लाठी लेकर इतनी बुरी तरह पीटा कि वह बेहोश हो गया। हमने इस मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। डीजीपी ने सीआईडी से जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
मुलाकात के दौरान विधायकों ने बेतिया में निषाद अंसारी के साथ हुई घटना का मुद्दा भी उठाया। भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस के संरक्षण में उनकी हत्या हुई और उन्हें पीटकर मार दिया गया। उन्होंने बताया कि डीजीपी ने बेतिया मामले में भी सीआईडी जांच कराने की बात कही है। गोलू साहू के मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं होने का मुद्दा उठाए जाने पर भी जांच के बाद केस दर्ज कराने का आश्वासन दिया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Oct 2026 7:30 PM IST












