पटना में सात करोड़ रुपए मूल्य का मादक पदार्थ बरामद, बड़ा सप्लायर गिरफ्तार
पटना, 15 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की पटना पुलिस मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली जब खगौल थाना क्षेत्र के एक घर में छापेमारी कर करीब पांच किलोग्राम उच्च गुणवत्ता का हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। इस मामले में एक बड़े सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थों की कीमत 7.50 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी जा रही है।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने रविवार को बताया कि पटना पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खगौल थाना क्षेत्र के नैनचक मुस्तफापुर में मादक पदार्थ की बड़ी तस्करी की जा रही है और यहीं से पूरे इलाके में मादक पदार्थों की आपूर्ति की जा रही है।
इसी सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दानापुर-1 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित घर में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही घर का मालिक कल्लू पासवान भागने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।
घर की तलाशी के दौरान 2.026 किलोग्राम हेरोइन और 2.820 किलोग्राम ब्राउन शुगर यानी कुल 4.846 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि जो हेरोइन बरामद किया गया है वह बहुत उच्च गुणवत्ता का है। वहां से एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 2400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
बरामद मादक पदार्थ का अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित मूल्य लगभग 7.5 करोड़ रुपए आंका जा रहा है। इनके घर से कुछ जमीन के कागजात और बैंक पासबुक भी मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कल्लू पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस धंधे में उनके परिवार के अन्य सदस्य भी लगे हुए थे। उन पर भी कार्रवाई की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 March 2026 6:08 PM IST












