लालू परिवार के भ्रष्टाचार के कारण बिहार बदनाम हुआ नित्यानंद राय

पटना, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। आईआरसीटीसी घोटाला केस में लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव के खिलाफ आरोप तय हो चुके हैं, जिससे बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राज्य की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। इस मामले पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा सांसद नित्यानंद राय ने निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि रेल मंत्री रहते लालू प्रसाद यादव ने जो घोटाला किया था, वह राष्ट्रव्यापी था। बिहार में इन लोगों ने कई और घोटाले भी किए हैं।
नित्यानंद राय ने लालू परिवार पर आरोपों को लेकर कहा, "देश में कानून सबसे बड़ा है। जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उसी पर कानून अपना काम कर रहा है। जो भ्रष्टाचार करेगा, घोटाला करेगा, तो कोर्ट उस पर आरोप तय करेगा और उचित फैसला लेगा। कानून इस देश का सबसे बड़ा है। इसलिए जिन लोगों ने घोटाला किया है, भ्रष्टाचार किया है, निश्चित रूप से कानून उस तक पहुंचेगा। भ्रष्टाचारियों के पास कानून पहुंचेगा ही।"
उन्होंने आगे कहा, "15 साल के जंगलराज में बिहार में और भी बहुत सारे घोटाले हुए, जिसके कारण हजारों करोड़ रुपए लालू परिवार के पास गए, जिससे बिहार का विकास बाधित हुआ। इन घोटालों से बिहार बहुत बदनाम भी हुआ है। रेल मंत्री रहते हुए लालू प्रसाद यादव ने जो घोटाला किया, वह राष्ट्रव्यापी था। बिहार में इन लोगों ने कई घोटाले किए।"
केंद्रीय राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा, "लालू परिवार की वजह से बिहार को बड़ी बदनामी मिली थी, जिसे बिहार की जनता अच्छी तरह जानती है। जनता समझती है कि 15 साल में बिहार की बदनामी और विकास न होना राजद के शासनकाल के कारण हुआ।"
नित्यानंद राय ने कहा कि अब 2025 के चुनाव की घोषणा हो चुकी है। बिहार की जनता 'जंगलराज' स्थापित करने वाली भ्रष्टाचारी पार्टी और परिवार को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी और कभी सत्ता नहीं सौंपेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Oct 2025 8:45 PM IST