पीएम मोदी के ईस्टर बधाई संदेश के लिए मशहूर अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने किया धन्यवाद
वाशिंगटन, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'ईस्टर डे' के खास मौके पर बधाई दी। पीएम मोदी के बधाई संदेश पर मशहूर अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की और प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
मैरी मिलबेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "इस खूबसूरत ईस्टर ग्रीटिंग के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का धन्यवाद। ईश्वर की बातें हमें सिखाती हैं कि ईसा मसीह (जीसस) का बलिदान, दफन होना और पुनर्जीवित होना ही हमारे लिए मुक्ति और स्वर्ग पाने का सच्चा रास्ता है। यह सब इसलिए हुआ ताकि हम असल आजादी को महसूस कर सकें। ईश्वर के वचनों की सच्चाई हमेशा पूरी इंसानियत को और ज्यादा प्यार, शांति और आजादी की राह पर चलने की प्रेरणा देती रहे। आपके बेहतरीन नेतृत्व के लिए धन्यवाद। ईश्वर आपको खुश रखें।"
पीएम मोदी ने ईस्टर की शुभकामनाएं देते हुए लिखा था, "ईस्टर की बधाई। यह पवित्र दिन उम्मीद और नई शुरुआत का जश्न मनाता है। यह सभी के जीवन में शांति, खुशी और रौनक लाए। ईसा मसीह की शिक्षाएं सभी को दयालु बनने और समाज में एकजुटता की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित करें।"
इसके साथ ही भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने भी ईस्टर की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि ईस्टर के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व नवचेतना, सद्भाव और करुणा की भावना को और प्रगाढ़ करे।
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी ईस्टर के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन दिन भगवान यीशु मसीह के पुनरुत्थान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि यह अवसर हमें सत्य, प्रेम, करुणा, त्याग और क्षमा जैसे मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है। राष्ट्रपति ने लोगों से अपील की कि वे इस दिन सामूहिक रूप से शांति, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लें।
ईस्टर ईसाई धर्म का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व यीशु मसीह के पुनरुत्थान के रूप में मनाया जाता है। कहा जाता है कि रोमन शासन द्वारा सूली पर चढ़ाए जाने के तीन दिन बाद यीशु मसीह मृतकों में से जीवित हो उठे थे। इसे पाप और मृत्यु पर जीत का प्रतीक माना जाता है।
ईस्टर, 'होली वीक' का अंतिम और सबसे प्रमुख दिन भी है। इस होली वीक में पाम संडे (यीशु का यरुशलम में प्रवेश), मोंडी थर्सडे (द लास्ट सपर) और गुड फ्राइडे (सूली पर चढ़ाया जाना) जैसे महत्वपूर्ण दिन शामिल होते हैं। 'ईस्टर एग्स' भी इस पर्व का खास हिस्सा हैं। एग्स नए जीवन और खाली कब्र का प्रतीक माने जाते हैं। परंपरागत रूप से इन्हें लाल रंग में रंगा जाता है, जो मसीह के रक्त का प्रतीक होता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 3:12 PM IST












