पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मुस्लिम समाज ने मुंबई में किया रक्तदान
मुंबई, 27 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर चल रहे भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा मुंबई अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की मुख्य विशेषता मुस्लिम समुदाय के लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही, जिन्होंने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। रक्तदान शिविर में भाजपा विधायक कालिदास कोलंबकर शामिल हुए।
भाजपा नेता वसीम खान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस मौके पर सेवा संकल्प अभियान के तहत हम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा के कार्य कर रहे हैं। इसी के अंतर्गत वडाला में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से हमारे उपाध्यक्ष इलियास मुनव्वर ने ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया है। शिविर में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज की महिलाओं ने रक्तदान किया है।"
वसीम खान ने कहा, "रक्तदान शिविर के साथ मेडिकल कैंप भी लगाया गया है। इस कैंप में डायबिटीज, कैंसर समेत अन्य बीमारियों की जांच की गई और चिकित्सों ने उचित सलाह दी।"
भाजपा नेता वसीम खान ने धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई पर कहा, "यह कार्रवाई किसी एक धार्म के स्थलों पर नहीं हुई। पिछले दिनों जब लाउडस्पीकर उतारने की बात आई तो उसमें दूसरे धार्मिक स्थलों, गुरुद्वारा, चर्च, मस्जिद के भी उतारे गए। हर चीज को हिंदू मुस्लिम के चश्मे से देखना गलत है। यदि कोई चीज अवैध है तो कानून का काम उस पर नजर रखना है। कानून को अपना काम करने देना चाहिए।"
भाजपा नेता ने कहा, "मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज मुसलमान विकास की धारा से जुड़ रहा है, इसलिए अब हिंदू-मुस्लिम चलने वाला नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी एक समुदाय और एक देश की सिर्फ बात नहीं की। उन्होंने 140 करोड़ भारतीयों की बात की। देशवासियों की भलाई के लिए लगातार प्रधानमंत्री काम कर रहे हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Sept 2026 3:51 PM IST












