पीएम सुरक्षा बीमा योजना बनी गरीबों का सहारा, 11 सालों में लाखों परिवारों को मिला संबल
बलरामपुर, 9 मई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में शामिल प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) के शनिवार को 11 वर्ष पूरे हो गए।
9 मई 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई इन योजनाओं का उद्देश्य गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों को बेहद कम प्रीमियम में सुरक्षा कवच उपलब्ध कराना था।
बीते एक दशक में इन योजनाओं ने देश के लाखों परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सहारा प्रदान किया है, जो कई परिवारों के लिए संकट के समय उम्मीद की किरण साबित हुई।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज निवासी शैलेश गुप्ता ने समाचार एजेंसी आईएनएस से बातचीत में इन योजनाओं को गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बड़ा सहारा बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना ने कई परिवारों को आर्थिक मजबूती दी है। बहुत कम प्रीमियम राशि में लोगों को बड़ा सुरक्षा कवच मिल रहा है, जिससे दुर्घटना या संकट की स्थिति में परिवारों को राहत मिलती है।
शैलेश ने बताया कि जब किसी परिवार पर अचानक संकट आता है तो इलाज और घर चलाने की चिंता सबसे बड़ी होती है। ऐसे समय में यह योजना आर्थिक मदद देकर परिवारों को टूटने से बचाती है।
उन्होंने कहा कि अगर यह योजना नहीं होती तो कई परिवार कर्ज और आर्थिक तंगी के कारण गंभीर समस्याओं में फंस जाते। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
ग्राम पंचायत पुरानडीह निवासी बीडी लाल गुप्ता ने बताया कि उनका भारतीय स्टेट बैंक में खाता है, जिससे हर वर्ष मात्र 20 रुपए प्रीमियम के रूप में स्वतः कट जाते हैं।
उन्होंने कहा कि कई गरीब परिवार ऐसे होते हैं जिनके घर में दुर्घटना होने पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना उनके लिए बड़ी मदद साबित होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि केवल 20 रुपए के प्रीमियम में इतनी बड़ी सुरक्षा उपलब्ध कराना गरीबों के लिए बेहद लाभकारी कदम है।
वहीं, ग्राम पंचायत देवगई, तहसील रामानुजगंज निवासी सीताराम गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की शुरुआत 9 मई 2015 को हुई थी और इसमें दो लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलता है।
उन्होंने कहा कि किसी को नहीं पता कि भविष्य में कब दुर्घटना हो जाए, ऐसे में अगर किसी गरीब परिवार को दो लाख रुपए का सहारा मिल जाता है तो यह उसके लिए बहुत बड़ी मदद होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही हैं और हर व्यक्ति को इसका लाभ लेना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 May 2026 9:43 PM IST












