क्या सभी के लिए अंकुरित आहार का सेवन है लाभकारी? जान लें ये जरूरी बात
नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। प्रोटीन और फाइबर दोनों ही शरीर को ऊर्जा देने से लेकर मजबूती प्रदान करने का काम करते हैं। दोनों ही मांसपेशियों के विकास और कोशिकाओं के निर्माण के लिए जरूरी हैं, लेकिन नियमित रूप से इन्हें आहार में शामिल करना मुश्किल है। ऐसे में लोग इसकी पूर्ति के लिए कई तरह की चीजों का सेवन करते हैं, जिसमें अंकुरित अनाज सबसे ज्यादा लोकप्रिय है, लेकिन ज्यादातर लोगों को इसके सेवन का सही तरीका नहीं पता होता।
अंकुरित आहार सेहत के लिए फायदेमंद जरूर है, लेकिन आयुर्वेद के अनुसार इसे सही तरीके से और सही व्यक्ति को ही लेना चाहिए। आयुर्वेद के मुताबिक अंकुरित अनाज पचने में थोड़ा भारी होता है और ज्यादा सेवन से वात दोष और गैस की समस्या बढ़ सकती है। इससे शरीर का रूखापन भी बढ़ता है। इसलिए स्प्राउट्स को हमेशा हल्का पकाकर, घी/तेल के साथ और सीमित मात्रा में ही लेना बेहतर होता है। सही तरीके से लिया गया अंकुरित आहार शरीर को ताकत देता है, लेकिन गलत तरीके से लेने पर नुकसान भी कर सकता है।
पहले जानते हैं कि किन लोगों को अंकुरित अनाज का सेवन नहीं करना चाहिए। जिन लोगों का पाचन मंद है और कब्ज की शिकायत रहती है, उन्हें अंकुरित आहार लेने से बचना चाहिए। पाचन मंद होने से आहार शरीर में सड़ने लगता है और पोषण की जगह शरीर में विषाक्त पदार्थों की वृद्धि होती है। बच्चे और बुजुर्गों को अंकुरित आहार देने से बचें, क्योंकि इस उम्र में पाचन बहुत कमजोर होता है।
इसके साथ ही वात प्रवृत्ति के लोगों को भी अंकुरित आहार का सेवन कम करना चाहिए। अंकुरित आहार वात में वृद्धि का कारण बन सकता है। ऐसे में सीमित मात्रा में ही सेवन करें। आयुर्वेद में अंकुरित आहार के सेवन के भी तरीके बताए गए हैं।
आयुर्वेद के मुताबिक अंकुरित आहार को कच्चा खाने से बचें और कोशिश करें कि उबालकर घी या तेल में पकाकर ही सेवन करें। इसके साथ ही अंकुरित होते ही सेवन करें। ज्यादा लंबे अंकुरित होने पर आहार के पोषक तत्वों पर फर्क पड़ता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 5:22 PM IST












