प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर में जवानों के साथ मनाई दीपावली, बोले- नक्सलवाद अब बीते समय की बात

बस्तर (छत्तीसगढ़), 8 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ राज्य के दक्षिणी हिस्से बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद (माओवाद) अब बीते समय की बात बन चुका है। बस्तर में दीपावली मनाने का पूरा श्रेय हमारे सुरक्षा बलों को जाता है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने जवानों के साथ दीपावली का जश्न मनाया और उनको मिठाई खिलाई। पीएम मोदी ने आज के दिन को खास बताया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''बस्तर में दीपावली और इसका पूरा श्रेय हमारे सुरक्षा बलों को जाता है। नक्सलवाद अब बीते समय की बात बन चुका है। अब आगे बढ़ने का रास्ता विकास है। आज का दिन खास भी था और हमेशा याद रहने वाला भी।''
दीपावली के मौके पर बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हाल की सफलताओं को अंत नहीं, बल्कि बड़े राष्ट्रीय लक्ष्यों की ओर बढ़ने की मजबूत नींव के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद और गरीबी के खिलाफ मिली सफलता एक नई उड़ान का आधार है। इसी के सहारे भारत उन सपनों को पूरा कर सकता है, जिन्हें देश की कई पीढ़ियां सदियों से देखती आई हैं। ये सपने उन स्वतंत्रता सेनानियों के हैं, जिन्होंने आजादी के लिए अनगिनत बलिदान दिए, उन वीर सैनिकों के हैं, जिन्होंने देश की सीमाओं पर मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए और उन बहादुर जवानों के हैं, जिन्होंने नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान गंवाई।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि यह भावना एक नए संकल्प में बदल जाए। अब देश के लिए जीने का समय है और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का समय है। भारत जो भी संकल्प लेता है, उसे पूरा करने की क्षमता रखता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाना, हर घर में शौचालय का निर्माण और टीकाकरण अभियान का विस्तार जैसे कई वादों को देश ने सफलतापूर्वक पूरा किया है।
उन्होंने कहा, "इसलिए आज जब हम गरीबी खत्म करने, नशामुक्त भारत बनाने, विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की बात कर रहे हैं, तो भरोसा रखिए कि देश इन लक्ष्यों को भी जरूर हासिल करेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
